नारनौल। नगर परिषद की ओर से अब ग्राम पंचायतों की तर्ज पर एरिया सभा का आयोजन किया जाएगा। इसकी शुरुआत वार्ड नंबर एक से की जा रही है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार भुक्कल ने बताया कि नगर परिषद नागरिक भागीदारी अधिनियम 2008 के प्रावधानों के अनुसार वार्ड नंबर एक की एरिया सभा संख्या एक की बैठक 22 जनवरी को प्रातः 11 बजे ग्राम सचिवालय किरारोद की ढाणी में आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस एरिया सभा में वार्ड के सभी मतदाताओं को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। बैठक में एरिया सभा के कुल मतदाताओं में से कम से कम 10 प्रतिशत मतदाताओं की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि बैठक का मुख्य एजेंडा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों की वेरीफिकेशन रहेगा। इसमें विशेष रूप से वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लाभार्थियों की जांच व सत्यापन किया जाएगा।
एरिया सभा की अनुमति से अन्य स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़े प्रस्तावों को भी एजेंडे में शामिल किया जाएगा। बैठक के दौरान नागरिकों से साफ-सफाई, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित सुझाव और शिकायतें भी सुनी जाएंगी। प्रशासन का मानना है कि इशके माध्यम से नागरिकों की सीधी भागीदारी बढ़ेगी। संवाद