फोटो महम जींद बाइपास रोड पर कतार में खड़े हुए ट्रैक्टर। संवाद
गोहाना। मंडी की भंडारण और उपज उतारने की निर्धारित क्षमता 60 हजार क्विंटल है लेकिन प्रतिदिन करीब 70 हजार क्विंटल उपज पहुंच रही है। क्षमता से अधिक आवक होने के कारण मंडी परिसर में उपज उतारने के लिए जगह कम पड़ रही है। मंडी के भीतर और बाहर सड़कों पर रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। किसानों के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
गोहाना की नई अनाज मंडी में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान धान लेकर पहुंचते हैं। इस बार मंडी में धान की आवक का आंकड़ा 10 लाख क्विंटल को पार कर चुका है। अधिकांश किसान कंबाइन से धान की कटाई करवाते हैं। मशीनों से कटाई होने के कारण कम समय में बड़ी मात्रा में फसल तैयार होकर मंडी पहुंचती है।
अतिरिक्त मंडी बनाने की मांग नहीं हुई पूरी
हर फसल सीजन में बढ़ती आवक के कारण पैदा होने वाली समस्या को देखते हुए आढ़ती कई बार मार्केट कमेटी के अधिकारियों के सामने अतिरिक्त अनाज मंडी बनाने की मांग उठा चुके हैं। हालांकि, अभी तक इस मांग पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। फूड ग्रेन डीलर एसोसिएशन के प्रधान संदीप मलिक का कहना है कि अतिरिक्त मंडी बनने से मुख्य अनाज मंडी में दबाव कम होगा और किसानों को जाम से राहत मिलेगी।
तेजी से उठान करवाने के दिए निर्देश
मार्केट कमेटी की सचिव सविता जैन ने बताया कि मंडी में अधिक फसल पहुंचने से व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। खरीद एजेंसियों को फसल की खरीद के बाद उसका उठान तेजी से करवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मंडी में जगह खाली हो और किसानों को अपनी उपज उतारने के लिए पर्याप्त स्थान मिल सके।