फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सात जून तक जारी रहेगा लॉकडाउन, सुबह 9 से दोपहर तीन बजे तक खुलेंगी दुकानें : जिलाधीश

विज्ञापन
विज्ञापन
जिले के व्यापारिक संगठनों की मांग के बाद दुकानदारों को लॉकडाउन में कुछ राहत दी गई है। अब दुकानें सम-विषम के आधार पर सुबह 9 से दोपहर तीन बजे तक खुल सकेंगी, लेकिन सात जून तक लॉकडाउन जारी रहेगा। उक्त बातें जिलाधीश कैप्टन मनोज कुमार ने जारी बयान में रविवार को बताईं हैं। उन्होंने कहा है कि नियम का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी सभी शिक्षण संस्थानों को 15 जून तक तथा आंगनबाड़ी-केंद्रों को 30 जून तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन

जिले में अभी तक दुकानें सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक ही खुलती थीं। अब जारी आदेश के अनुसार दुकानों के खुलने का समय सुबह 9 से दोपहर तीन बजे तक कर दिया गया है। सम-विषम नियम के तहत ही दुकानें खोलीं जाएंगी। अकेली दुकानें (जो किसी बाजार के बीच नहीं हैं या जिनका किसी शॉपिंग मॉॅल से सीधा जुड़ाव नहीं है) रात्रि कर्फ्यू को छोड़कर पहले की तरह पूरा समय खुलेंगी। सभी सरकारी व प्राइवेट कॉलेज, लाइब्रेरी, ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट आदि शिक्षण संस्थान 15 जून तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र और क्रेच फिलहाल 30 जून तक बंद रहेंगे। जारी आदेश में जिलाधीश ने लोगों से कहा है कि लॉकडाउन के दौरान वे अपने घरों में ही रहें। इस दौरान कोई भी व्यक्ति घरों से बाहर या सार्वजनिक स्थानों पर नहीं जा सकेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सुबह 10 से शाम छह बजे तक खुलेंगे मॉल
जिलाधीश की ओर से जारी आदेश में मॉल को सुबह 10 से शाम छह बजे तक खोलने की अनुमति दी है, लेकिन उन्हें लोगों के प्रवेश को नियंत्रित करने की हिदायत दी गई है। 25 वर्ग फुट में केवल एक व्यक्ति की अनुमति होगी। प्रवेश को नियंत्रित करने को मॉल्स को एप डेवलप करना होगा। मॉल्स के अंदर सिनेमा हॉल, रेस्टोरेंट और बार को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। शर्तों के साथ होटल खोलने की अनुमति दी गई है। होटलों में बैंक्वेट और कॉन्फ्रेंस की अनुमति नहीं होगी। जिलाधीश ने कहा है कि पिछले लॉकडाउन का व्यापक असर देखने को मिला है। अगर लोग एक सप्ताह और सभी हिदायतों का पालन करेंगे तो कोरोना संक्रमण पर काफी हद तक नियंत्रण किया जा सकता है। इसके लिए मास्क पहनना, सामाजिक दूरी का पालन करना और नियमित रूप से हाथों को साफ करना जरूरी है। वहीं, कोरोना को हराने का एकमात्र कारगर उपाय वैक्सीन है।
विज्ञापन

‘दुकान और मॉल के खुलने का समय एक किया जाए’
हरियाणा व्यापार मंडल ने दुकान व मॉल खोलने-बंद करने का समय अलग-अलग होने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से दोहरी नीति नहीं अपनाने व एक समान समय करने की मांग की है। मंडल के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष विजय लक्ष्मीचंद गुप्ता ने कहा कि हरियाणा सरकार ने बाजारों को सुबह 9 बजे से दोपहर तीन बजे तक और मॉल को खोलने का समय सुबह 10 से शाम 6 बजे तक का रखा है, जो गलत है। प्रदेश के सभी व्यापारियों की मांग है कि सरकार प्रदेश सबके लिए एक ही कानून लागू करे। यह दोहरी नीति निश्चित तौर पर व्यापारियों में हीन भावना पैदा करने जैसी है। इस फैसले से व्यापारियों में काफी निराश हैं। इसलिए सरकार को दुकानें और मॉल खोलने का समय एक ही कर देना चाहिए।
‘दुकान-मॉल खोलने व बंद करने का समय अलग-अलग रखना गलत’
दुकान और मॉल खोलने व बंद करने का समय अलग-अलग रखने पर व्यापारियों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने इसे गलत बताया है। साथ ही उन्होंने दुकानों का समय शाम छह बजे तक करने अथवा दुकान-मॉल का समय दोपहर तीन बजे तक करने की मांग की है। शौरी क्लाथ मार्केट के प्रधान गुलशन ईशपुनयानी ने कहा है कि सरकार ने 23 मई को लॉकडाउन में ढील देते हुए शर्तों के साथ दुकानें खोलने की अनुमति दी। इसमें सम-विषम फार्मूला के तहत सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक दुकानें खोलने का समय निश्चित किया गया। इससे अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई। अब सरकार ने बाजार का समय सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक खोलने को कहा है। मई में 31 दिन होने से आगामी सप्ताह में 4 दिन विषम तो दो दिन सम नंबर आते हैं, जिससे शहर में आधी दुकानें चार दिन और आधी दुकानें दो दिन खुलेंगी, जो सरासर गलत है। अहम बात यह है कि बाजारों को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक खोलने का फैसला किया जबकि मॉल शाम छह बजे तक खुलेंगे। प्रदेश में सबके लिए एक ही कानून लागू होना चाहिए। सभी दुकानदारों को सुबह 9 बजे से शाम को 6 बजे तक दुकानें खोलने की इजाजत मिले या फिर मॉल भी दोपहर 3 बजे बंद किए जाने चाहिए।
सम संख्या की दुकानें आज व विषय की कल खुलेंगी
रोहतक। व्यापारी नेता हेमंत बख्शी ने बताया कि 31 मई और एक जून विषम संख्या की तिथि एकसाथ आने से व्यापारियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी, जिसे लेकर उपायुक्त से बात की गई है। इसके बाद यह तय किया गया है कि सोमवार को सम और एक जून यानी मंगलवार को विषम संख्या की दुकानें खुलेंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें