रोहतक एमडीयू गैर शिक्षक संघ के चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला होगा। नामांकन के अंतिम रणधीर कटारिया व कुलदीप ग्रोवर पैनल ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पूर्व राजकुमार शर्मा पैनल ने नामांकन दाखिल किया था। वीरवार शाम को नाम वापसी का समय पूरा होने तक किसी ने नामांकन वापस नहीं लिया था। ऐसे में अब दीया, कुर्सी व तराजू में जीत के लिए कड़ी टक्कर होगी।
वीरवार को एमडीयू परिसर में चुनावी सरगर्मी जोरों पर रही। अंतिम दिन दो पैनल ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन दाखिल किए। नामांकन के लिए आए कुछ तीन पैनलों में से किसी ने भी नाम वापस नहीं लिया। इसके चलते चुनाव अधिकारी सतीश जैन ने सहायक खरैती लाल व सुनील दहिया के साथ मिलकर चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न अलाट किए। राजकुमार शर्मा पैनल को दीया, रणधीर कटारिया पैनल को कुर्सी व कुलदीप ग्रोवर को तराजू का निशान अलॉट किया गया। इसके साथ ही प्रत्याशियों ने चुनाव चिह्न के साथ प्रचार शुरू कर दिया है। अब 31 अक्तूबर को मतदान होगा। इसी दिन शाम को मतगणना के बाद परिणाम जारी किया जाएगा।