माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। फूल विक्रेता अंकित की हत्या में प्रयुक्त चाकू, पिस्टल व कार को पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर लिया है। रिमांड पर लिए हत्यारोपी किलोई निवासी सुमित व बोहर निवासी राहुल को पुलिस दुर्गा कॉलोनी में वारदात स्थल पर ले गई। यहां घटना का आरोपियों से सीन री-क्रिएट कराया। इधर, आस्ट्रेलिया से आए अंकित के भाई सुमित ने केस के जांच व पुलिस अधिकारी से मुलाकात कर उचित कार्रवाई की अपील की।
शनिवार को पुलिस आरोपियों को लेकर दुर्गा कॉलोनी पहुंची। यहां आरोपियों ने बताया कि कार की साइड को लेकर विवाद हुआ था। पहले पिस्तौल चलाई लेकिन गोली नहीं चली, फिर अंकित के सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कार, पिस्तौल व चाकू बरामद किया। आरोपियों ने कार सोनीपत स्टैंड स्थित खाली प्लाॅट में खड़ी कर दी थी। इसी में चाकू व पिस्तौल छिपाकर रख दी थी।
मूलरूप से सोनीपत के गांव भावड़ हाल दुर्गा कॉलोनी निवासी अंकित सोनीपत बस स्टैंड के पास फूलों का काम करते थे। इसके लिए रोजाना रात को दिल्ली की गाजीपुर मंडी से फूल खरीद कर लाते थे। बुधवार देर रात वह फूल लेने के लिए दिल्ली जा रहे थे। घर से कुछ ही दूर साइड देने पर हुए विवाद में कार सवार युवकों ने उसे चाकू घोंप कर मार डाला। पुलिस ने आरोपियों को 29 दिसंबर तक रिमांड पर लिया था। चूंकि बरामदगी हो चुकी है, इसीलिए पुलिस अब दोनों आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश करेगी।
वर्जन
अंकित की हत्या के आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। इनसे वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है। रिमांड पूरा होने पर इन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
- अंकिता, पीएसआई, प्रभारी, सिविल लाइन थाना