संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। नए साल से किसान एक्सप्रेस पहले अपेक्षा 10 मिनट पहले रोहतक स्टेशन से संचालित होगी। रेलवे ने नए साल से रोहतक से आवागमन करने वाली चार ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। इनमें किसान एक्सप्रेस, फिरोजपुर कैंट-अगरतला एक्सप्रेस, भिवानी-प्रयागराज एक्सप्रेस व दिल्ली-श्रीनगर एक्सप्रेस शामिल हैं।
स्टेशन अधीक्षक बलराम मीना ने बताया कि ट्रेनों के अधिक संचालन और अन्य व्यवस्थाओं के लिए रेलवे की ओर से समय सारिणी में बदलाव किया जाता है। इसी के तहत 1 जनवरी से बठिंंडा से दिल्ली जाने वाली किसान एक्सप्रेस सुबह 10:36 बजे रोहतक स्टेशन पर पहुंचने के बजाय 10:26 बजे पहुंचेगी और 10:28 बजे रवाना होगी।
फिरोजपुर कैंट से अगरतला जाने वाली त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस रात 9:46 बजे स्टेशन पर पहुंचती थी। अब यह ट्रेन रात 9:23 बजे स्टेशन पर पहुंचकर 9:25 बजे रवाना होगी।
भिवानी-प्रयागराज एक्सप्रेस रात 08:54 के बजाय रात 8:50 बजे स्टेशन पर आएगी और 2 मिनट के ठहराव के बाद रोहतक स्टेशन से रवाना होगी। वहीं, दिल्ली-श्रीनगर एक्सप्रेस ट्रेन भी दोपहर 2:34 बजे स्टेशन पर पहुंचती थी, अब यह ट्रेन भी दोपहर 2:29 बजे आएगी और दोपहर 2:31 बजे श्रीनगर की ओर रवाना होगी।