रोहतक। शादी के बाद मायके आई पत्नी को न भेजे जाने पर युवक ने कोर्ट में फरियाद रखी। शुक्रवार को एसडीएम कोर्ट में दोनों पक्षों को बुलाया गया। इस दौरान युवती बोली, वह माता-पिता नहीं, पति के साथ ससुराल जाएगी। अदालत ने युवक व युवती के बयान दर्ज कर उसे पुलिस सुरक्षा में ससुराल भेज दिया। खुद पुलिस की टीम दोनों को छोड़कर आई।
शहर के नजदीकी गांव के युवक ने अदालत में याचिका दायर की थी उसने एक युवती से आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। शादी के बाद उसकी पत्नी अपने मायके आई थी, लेकिन अब मायके वाले उसे भेज नहीं रहे हैं। एसडीएम कोर्ट ने सर्च वारंट जारी किया। पुलिस की टीम युवती के मायके पहुंची और लड़की को बरामद किया। मायके वालों ने कहा कि वह किसी तरह का दबाव नहीं बना रहे हैं। अगर बेटी ने युवक के साथ रहना तय करना लिया है तो उनको कोई आपत्ति नहीं। इसके बाद 22 वर्षीय युवती व युवक को अदालत में लाया गया। अदालत में भी युवती ने कहा कि, मैं माता-पिता के घर नहीं रहना चाहती। वह युवक के साथ ससुराल जाएगी। कोर्ट ने बालिग युवती के बयान दर्ज कर उसकी मर्जी से युवक के साथ भेज दिया। साथ ही युवक के बयान दर्ज किए गए है कि वह अपनी सुरक्षा और जिम्मेदारी पर युवती को लेकर जाता है।