रोहतक। मोखरा निवासी सुरेश की आत्महत्या के मामले में परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है। परिवार ने कार्रवाई नहीं होने तक सुरेश का पोस्टमार्टम कराने या शव लेने से इन्कार कर दिया है। 20 जुलाई को परिवार पुलिस अधीक्षक से मिलने उनके कार्यालय पहुंचा।
सुरेश के भाई सचिन ने आरोप लगाया कि बहुअकबरपुर थाने के हवलदार ने सुरेश को प्रताड़ित किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मचारी को बचाया जा रहा है। परिवार ने पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
नरेंद्र ने बताया कि घर में घुसकर सुरेश को पीटा गया था। उसका अंगूठा सादे कागज पर जबरन लगवाया गया। परिवार का आरोप है कि पुलिस आरोपी कर्मचारी को बचा रही है।
बहुअकबरपुर थाना क्षेत्र के मोखरा गांव में 18 जुलाई की देर शाम सुरेश (31) का शव फंदे पर मिला। 15 जुलाई को आशु ने कुत्ते को पत्थर मारा था। इसका विरोध करने पर कुछ युवकों ने सुरेश को पीटा था।
परिजनों ने जांच अधिकारी हवलदार सत्येंद्र पर सुरेश से जबरन राजीनामे पर अंगूठा लगवाने का आरोप लगाया है। इससे आहत होकर सुरेश ने फंदा लगा लिया था। पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बहुअकबरपुर थाना प्रभारी जसवीर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।