रोहतक। हरियाणवी इनोवेटिव फिल्म एसोसिएशन (हाइफा) का चौथा वार्षिकोत्सव मंगलवार को दादा लख्मीचंद स्टेट यूनिवर्सिटी परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसी सुपवा) में आयोजित किया गया।
डॉक्यूमेंट्री वर्ग में घूंघट ने प्रथम और क्राफ्ट हैंडफुल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। घूंघट डॉक्यूमेंट्री में गांवों के अंदर चल रही घूंघट प्रथा को दिखाया गया है। साथ ही उसे दूर करने के लिए युवाओं को प्रेरित किया गया है।
हाइफा का मुख्य उद्देश्य बेहतरीन रचनात्मक कार्यों की अनुशंसा एवं प्रोत्साहन के साथ सभी कलाकारों को एक मंच पर लाना है। सुपवा कुलपति डॉ. अमित आर्या और विशिष्ट अतिथि बॉलीवुड एक्टर डायरेक्टर यशपाल शर्मा व हरिओम कौशिक शामिल हुए।
कुलपति ने कहा जैसे उनके लिए जैसे सुपवा है वैसे ही हाइफा है। दोनों का उद्देश्य समान है। हाइफा अध्यक्ष जनार्दन शर्मा ने कहा कि हरियाणा की संस्कृति और साहित्य में हम ऐसे विभूतिओं को आगे ला रहे हैं, जिनके दम से हरियाणा संस्कृति अपने ऊंचाइयों को छू रही है।
इंदर लांबा और लीला सैनी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किए तो डॉ. तबस्सुम जहां ने कविता से दर्शकों की वाहवाही लूटी। विकास यशकीर्ति ने अपने सुरीले गीतों से मंत्रमुग्ध किया। संगीता ने लोक गीत, हितांशी ने नृत्य, कृष्ण भारद्वाज ने गीत, सुमन सैनी ने भी प्रस्तुति दी।
संस्था के प्रधान जनार्दन शर्मा और महा सचिव रामपाल बल्हारा ने बताया कि सभी श्रेणियों में विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. अल्पना सुहासिनी ने किया।
परिणाम
गीत राम मिले भगवान ने प्रथम, न्यारा हरियाणा द्वितीय और ब्यूटी एंड ड्यूटी तृतीय स्थान पर रहे। वहीं, तेरे प्यार में कतई बावली को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। उमेश वर्मा को सर्वश्रेष्ठ पुरुष गायक और गीता सिंह को सर्वश्रेष्ठ महिला गायिका चुना गया।
केलापति राहीवाल को सांत्वना सम्मान मिला। हिंदी शॉर्ट फिल्म श्रेणी में थर्सडे स्पेशल प्रथम, हैंडफुल ऑफ लाइफ द्वितीय और 20 रुपये नोट तृतीय स्थान पर रही। इस श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री दोनों का खिताब थर्सडे स्पेशल से जुड़े कलाकार राम मिश्रा और शकुंतला मिश्रा के नाम रहा।
हरियाणवी शॉर्ट फिल्मों की श्रेणी में अभिनेता यशपाल शर्मा ने विजेताओं की घोषणा करते हुए बताया कि नचार ने प्रथम, भाई ने द्वितीय और भोगा भगत ने तृतीय स्थान हासिल किया। फिल्म बस्ता और बकरी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
कहानी लेखन प्रतियोगिता में डॉ. श्याम वशिष्ठ की फ्राइड राइस और अखरोट व मीना मलिक की सिमटती यादें ने प्रथम, रामरतन पांडे की हार ने द्वितीय व सुरेश बरनवाल दस्तावेज और डाॅ. मनुहार शर्मा बाबा की बुलेरी तृतीय स्थान पर रही।
हरियाणवी कहानी श्रेणी में चंद्रशेखर शर्मा की अलबेली ने प्रथम, मनोज कुमार की लोन ने द्वितीय और संगीता देवी की काली कढ़ावणी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वीडियो रील्स प्रतियोगिता में सुदेश कुमारी प्रथम, महिपाल पठानिया द्वितीय और प्रीति सिंह व विजय तंवर तृतीय स्थान पर रहे।