रोहतक। जिले में मंगलवार अलसुबह हुई बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई है। हालांकि, बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी रही। मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहे मगर बूंदाबांदी ही होती रही।
मौसम विभाग के अनुसार जिले में मंगलवार को 26.4 मिमी बारिश हुई। इसमें रोहतक व सांपला में 10 मिमी, कलानौर में 25 मिमी बारिश हुई। महम व लाखनमाजरा में बारिश दर्ज नहीं की गई। अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य तापमान की अपेक्षा तीन डिग्री सेल्सियस कम है।
न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य तापमान के लगभग बराबर ही है। जिले में 22, 23 व 27 जुलाई को अधिकतर इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है। बीच में 24 व 26 जुलाई को हल्की बारिश हो सकती है। इस दिन वायु गुणवत्ता सूचकांक 44 रहा। यह संतोषजनक श्रेणी में आता हैं।