The district got the gift of two projects worth 5.61 crores
- फोटो : RohtakCity
सीएम मनोहर लाल ने जिले को दो सौगातों का तोहफा दिया। उन्होंने हरियाणा निवास, चंडीगढ़ से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से कई जिलों की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें खरकड़ा में 3.77 करोड़ से भिवानी सब-ब्रांच पर दोबारा बनाया गया पुल शामिल है। सीएम ने 1.83 लाख की लागत से बनने वाले कलानौर खंड कार्यालय के भवन का शिलान्यास भी किया।
जिलास्तर पर लघु सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने दोनों परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। डॉ. शर्मा ने कहा कि पीएम और सीएम विकास के प्रति प्रतिबद्ध हैं। पिछले दिनों उनके साथ ही बैठक में सीएम ने उनसे विकास कार्यों की सूची मांगी, इससे उनकी विकास परक सोच का पता चलता है। कोरोना को नियंत्रित करने के प्रयासों के साथ-साथ वह प्रदेश के विकास के लिए भी लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल नेतृत्व और समाजसेवी संस्थाओं के सक्रिय सहयोग से कोरोना पर नियंत्रण प्राप्त किया गया। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है, इसलिए सावधानी बरतें। सरकार द्वारा जारी हिदायतों का स्वेच्छा से पालन करें। अपनी बारी आने पर सभी कोरोना की वैक्सीन लगवाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। डॉ. शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने खरीफ की फसलों के एमएसपी में बढ़ोतरी की है। एडीसी महेंद्र पाल ने सभी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पुल के शुरू होने से मदीना, खरकड़ा और महम निवासियों को काफी फायदा होगा। उन्होंने बताया कि भिवानी सब-ब्रांच की बुर्जी संख्या 101000 पर 60-62 साल पहले ईंटों से पुल बनाया गया था जो खस्ता हालत में था। यहां कंक्रीट का नया पुल बनाया गया है, इसे 24.50 फुट से बढ़ाकर 50.10 फुट चौड़ा किया गया है। इससे बड़े वाहन भी आसानी से गुजर सकेंगे। यहां पानी के गुजरने का रास्ता भी 32 फुट से बढ़ाकर 60 फुट कर दिया गया है। इस पुल की क्षमता 900 क्यूसेक है। कलानौर खंड कार्यालय में 1134 वर्ग मीटर कवर्ड एरिया होगा। इसमें चेयरमैन, वाइस चेयरमैन, खंड विकास व पंचायत अधिकारी के कक्षों के अलावा किचन, लॉबी, कमेटी हॉल और कंप्यूटर रूम होंगे। इस मौके पर मेयर मनमोहन गोयल, शमशेर खरकड़ा, सीटीएम ज्योति मित्तल, जिला परिषद के सीईओ महेश कुमार, सिंचाई विभाग के एसई सुनील हुड्डा, भाजपा जिला प्रधान अजय बंसल भी मौजूद थे।