रोहतक। कोहरा अभी शुरू भी नहीं हुआ और निगम की लाइटें इससे पहले ही बंद रहने लगी हैं। इसके चलते मुख्य सड़कों के अलावा बाजारों में भी अंधेरा छा रहा है। शहर में रेलवे रोड, भिवानी स्टैंड, गांधी कैंप मार्केट व सेक्टर में कई लाइटें खराब पड़ी हैं। इतना ही नहीं शहर में निगम के कई खंभों पर तार खुले देखे जा सकते हैं।
आंबेडकर चौक से लेकर सोनीपत बस स्टैंड तक 20 के करीब लाइटें बंद पड़ी हैं। इसके चलते शाम होते ही पूरे रोड पर अंधेरा छा जाता है। करीब 200 मीटर की इस दूरी में ही एक तरफ राजकीय महिला पीजी काॅलेज हैं तो दूसरी तरफ लघु सचिवालय है।
इसके अलावा भिवानी स्टैंड से लेकर रेलवे रोड पर अग्रसेन चौक तक करीब 10 लाइटें बंद पड़ी हैं। यहां कई लाइटें टूटी हुई हैं। इतना ही नहीं गांधी कैंप मार्केट में भी करीब नौ लाइटें टूटी या खराब पड़ी हैं। यहां भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने आते हैं।
उधर, पुरानी आईटीआई पल के ऊपर करीब 10 लाइटें बंद हैं। यहां से गुजर रहे जसबीर कुमार और पंकज कत्याल ने बताया कि नगर निगम प्रशासन को इन समस्याओं की तरफ ध्यान देना चाहिए। लाइट खराब रहने से रात में अंधेरा होने से हादसा हो सकता है।
बता दें के नगर निगम क्षेत्र में कुल 40 हजार लाइटें हैं। इनमें से गली-माेहल्लों से लेकर बाजारों व मुख्य सड़कों तक लाइटें बंद पड़ी रहती हैं। लोगों का कहना है कि अंधेरे में कहीं कोई घटना हुई तो जवाबदेही किसकी होगी।
हालांकि, नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि 19 हजार लाइटों के ऑर्डर कर दिए हैं जबकि छह हजार एलईडी के लिए फाइल चंडीगढ़ मंजूरी के लिए भेजी गई है।
स्ट्रीट लाइटों को हम ठीक कराते रहते हैं। जहां लाइटें खराब हैं उनका पता कराया जाएगा। जल्द ही उनको भी ठीक करवा दिया जाएगा। शहर की जनता को बेहतर सुविधा देने का प्रयास रहता है। -मनजीत कुमार, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम, रोहतक।
3-शहर के सेक्टर दो क्षेत्र में बंद पड़ी लाइटें व सड़क पर छाया अंधेरा । संवाद
3-शहर के सेक्टर दो क्षेत्र में बंद पड़ी लाइटें व सड़क पर छाया अंधेरा । संवाद