एफडीडीआई (फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट) प्रबंधन और छात्रों के बीच चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। फीस नोटिस को लेकर चल रहे मामले में अब छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर न्याय की मांग की है।
संस्थान की डिग्री को लेकर पहले से ही मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, लेकिन कई दिनों से संस्थान में फीस को लेकर भी बवाल चल रहा है। संस्थान की तरफ से मेस और हॉस्टल फीस जमा कराने का नोटिस निकालते ही छात्र विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रबंधन ने जब इस मामले में कोई हस्तक्षेप नहीं किया तो छात्र संदीप प्रियदर्शी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है।
छात्र का कहना है कि वह मेस फीस देने को तैयार है, लेकिन जब तक कोर्ट का फैसला नहीं आता तब तक हॉस्टल फीस नहीं देंगे। संस्थान के कारण छात्रों का भविष्य पहले से ही दांव पर लगा हुआ है और ऐसे में अब फीस को लेकर छात्रों का शोषण किया जा रहा है। उनका कहना है कि जिन छात्रों को डिग्री का ही नहीं पता वह फीस किस आधार पर दें। छात्र का कहना है कि फीस को लेकर नोटिस वापस नहीं लिया गया तो सोमवार को भी शांतिपूर्वक हड़ताल जारी रखेंगे। गौरतलब है कि छात्रों ने शुक्रवार को भी क्लास का बहिष्कार कर हड़ताल रखी थी।