रोहतक। जींद के जुलाना निवासी एएसआई संदीप लाठर की पत्नी संतोष को लेक्चरर पद पर अगले माह तक नौकरी दी जाएगी। अगले सप्ताह बैठक करा कर परिवार की यह मांग पूरी कराई जाएगी। मुख्यमंत्री से दोबारा बात कराने की जरूरत पड़ी तो यह प्रयास भी किया जाएगा। यह आश्वासन मंत्री कृष्णलाल पंवार ने एएसआई के परिवार को सोमवार रात एमडीयू में मुलाकात के दौरान दिया।
एएसआई संदीप लाठर के ममेरे भाई लाढ़ौत निवासी संजय ने बताया कि मंत्री से मुलाकात हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ हुई मुलाकात में जिन मांगों पर सहमति बनी थी, उन्हें जल्द पूरा किया जाएगा। एएसआई मामले में निष्पक्ष जांच की जा रही है। इसमें जल्दी ही परिवार को भी स्थिति स्पष्ट की जाएगी। इस पर मैं भी खुद नजर रखे हुए हूं। नौकरी मामले में भी जल्दी ही बैठक बुलाई जाएगी। मुख्यमंत्री से भी बात की जाएगी। उनसे समय लेकर समस्या के समाधान पर जोर दिया जाएगा।
यह है मामला
एएसआई संदीप लाठर ने 14 अक्तूबर को लाढ़ौत में अपने मामा के खेतों में बने कोठड़े की छत पर सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली थी। इससे पूर्व एएसआई ने अपना चार पेज का सुसाइड नोट व वीडियो वायरल किया था। इसमें एएसआई ने एडीजीपी पूरण कुमार समेत कई अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके चलते पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। परिजनों ने शव के साथ विरोध स्वरूप धरना दिया था। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और धरना समाप्त कराया था। पुलिस ने इस मामले में एसआईटी का गठन किया। एसआईटी मामले की जांच कर रही है।