रोहतक। डेढ़ साल की बेटी को ड्रेन नंबर आठ में फेंकने का आरोपी पिता महेंद्र पुलिस के हाथ नहीं आया है। पुलिस ने शास्त्री नगर व भिवानी में दबिश दी, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। थाना प्रभारी प्रदीप ने बताया कि जल्द आरोपी को काबू किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक 13 मार्च निगम के सफाई कर्मचारी भिवानी रोड स्थित कचरा निस्तारण ट्रीटमेंट प्लांट में कचरा डालने जा रहा था। रास्ते में ड्रेन नंबर आठ के पुल पर गाड़ी खड़ी करके लघुशंका के लिए गया। उसे एक बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। उसने अपने साथी की मदद से बच्ची को बाहर निकाला और पुलिस को सौंपा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अज्ञात के खिलाफ बच्ची का परित्याग करने करने का मामला दर्ज किया था, जिसमें छह साल तक की सजा संभव है। सोमवार को बच्ची को लेने के लिए उसकी मां पीजीआई पहुंची थी। बच्ची की मां ने जिला बाल कल्याण समिति के सामने आरोप लगाया था कि घरेलू कलह के चलते उसका पति ही बेटी को ड्रेन में फेंककर आया था।