रोहतक। भिवानी स्टैंड से प्रताप चौक की तरफ जाते समय दो साल पहले मोबाइल फोन झपटमारी की वारदात अंजाम देने का आरोपी अजय उर्फ पंजाब सोमवार को एएसजे अजय तेवतिया की अदालत में पेश नहीं हुआ। अदालत ने दूसरी बार आरोपी के गैर जमानती वारंट जारी किए हैं। जमानती दिनेश को भी दूसरी बार नोटिस दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मोखरा निवासी निशा ने जनवरी 2024 में शिकायत दी थी कि वह सवा 11 बजे भिवानी स्टैंड प्रताप चौक की तरफ जा रही थी। उनके दाहिने हाथ में मोबाइल फोन था। अज्ञात युवक पीछे से आया और झपटा मारकर फोन छीनकर ले गया।
पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ झपटमारी की एफआईआर दर्ज कर आरोपी अजय उर्फ पंजाब को गिरफ्तार किया था। आरोपी गोहाना अड्डे का ही रहने वाला था। बाद में आरोपी ने कोर्ट से जमानत ले ली थी लेकिन कोर्ट में पेश नहीं हो रहा है।
कोर्ट ने पिछली सुनवाई पर आरोपी के गैर जमानती वारंट जारी किए थे लेकिन तामील नहीं हो सके। अब दूसरी बार आराेपी के गैर जमानती वारंट जारी किए हैं। साथ में गवाह दिनेश को भी दूसरी बार नोटिस भेजा गया है। एक जून तक पुलिस को कोर्ट में जवाब देना है।