रोहतक। तहसीलदार और नायब तहसीलदारों की हड़ताल खत्म होने के पहले दिन बुधवार को जिले में 17 रजिस्ट्री हुईं। इन सभी को टोकन दिए गए थे। इनमें से सांपला में 12 व कलानौर तहसील में पांच रजिस्ट्री हुई हैं। हालांकि रोहतक व महम के तहसीलदार प्रशिक्षण पर गए होने के कारण टोकन नहीं मिले और शाम तक कोई रजिस्ट्री भी नहीं हुई।
रोहतक तहसील में कर्मचारी रजिस्ट्री की प्रक्रिया के लिए आवेदकों का इंतजार करते रहे। शाम तक भी तहसील कार्यालय में रजिस्ट्री के लिए कोई आवेदक नहीं पहुंचा। तहसील कर्मचारी बोले कि अब अगले दिनों में रजिस्ट्री होने की उम्मीद है।
रोहतक तहसील में अन्य कार्यों के लिए तो लोगों की कतार लगी रही लेकिन रजिस्ट्री वाली खिड़की बुधवार को भी खाली नजर आई। दूसरी ओर सांपला और कलानौर में लोगों ने तहसीलों का रुख किया और उनकी रजिस्ट्री भी हुई। उम्मीद थी कि रोहतक तहसील में सुबह से लोगों की भीड़ उमड़ेगी लेकिन वैसा नहीं हुआ। ऐसे में अब वीरवार को रजिस्ट्री के लिए यहां लोगों के आने का इंतजार है।