फोटो : 09आईजीयू एवं एयरोड्रोन रोबोटिक्स के बीच में समझौता ज्ञापन के दौरान का दृश्य। स्रोत : व
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (आईजीयू) और एयरोड्रोन रोबोटिक्स प्राइवेट लिमिटेड नई दिल्ली के बीच कुलपति प्रोफेसर जेपी यादव एवं कैप्टन सुनील डी डोगरा, वीएसएम, एयरड्रोन रोबोटिक्स के सहायक उपाध्यक्ष की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
कुलपति प्रोफेसर जेपी यादव ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के एमओयू होने से विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों में कौशल विकास एवं तकनीकी स्किल को बढ़ावा मिलेगा। एमओयू का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त रक्षा कर्मियों और विद्यार्थियों को सकारात्मक कुशलता के साथ ड्रोन उड़ान प्रशिक्षण एवं किसान ड्रोन ऑपरेटर प्रशिक्षण की तकनीक को सीखाना है ताकि विद्यार्थियों को स्वरोजगार के प्रति प्रोत्साहित किया जा सके।
कैप्टन सुनील डी डोगरा ने बताया कि एयरोड्रोन रोबोटिक्स प्रशिक्षण केंद्र और रिमोट पायलट प्रशिक्षण संगठन है, जो छात्रों में अपनी क्षमता से कौशल को निखारने और औद्योगिक व सेवा क्षेत्र, कृषि क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने के लिए सहयोग करता है। सेवानिवृत्त रक्षा कर्मियों और विद्यार्थियों को किसान ड्रोन ऑपरेटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रोफेसर तेज सिंह, सतदेव यादव (भारतीय नौसेना ऑनरी कैप्टन), प्रोफेसर सुनील कुमार, प्रोफेसर सत्येंद्र बल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. विपुल यादव, एक्सईएन एसके यादव, मोहित रेवड़ी उपस्थित रहे।