एमडीयू के इमसार में आयोजित कार्यशाला में मौजूद शिक्षक । विज्ञप्ति
रोहतक। नई शिक्षा नीति 2020 के तहत बीबीए पाठ्यक्रम के सिलेबस व स्कीम के डेवलपमेंट के उद्देश्य से महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज एंड रिसर्च में कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला इमसॉर और संबद्ध मैनेजमेंट संस्थानों के शिक्षकों के लिए आयोजित की गई।इसमॉर निदेशक प्रो. सत्यवान बरोदा ने कार्यशाला के शुभारंभ सत्र में बीबीए पाठ्यक्रम और स्कीम की डेवलपमेंट में शिक्षकों से अपने योगदान का आह्वान किया। फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज एंड कामर्स के डीन प्रो. ऋषि चौधरी ने नई शिक्षा नीति 2020 के अहम पहलुओं की जानकारी दी। इसके प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एमडीयू प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों को सराहा।
कार्यशाला के कंवीनर प्रो. प्रदीप के अहलावत ने एनईपी 2020 के तहत बीबीए प्रोग्राम की ड्राफ्ट स्कीम और पाठ्यक्रम को प्रस्तुत किया। एनईपी विशेषज्ञ प्रो. हरभजन बंसल ने इस कार्यशाला में बतौर रिसोर्स पर्सन शिरकत की और पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों के कौशल विकास व रोजगार क्षमता संवर्धन पर बल देने की बात कही। कार्यशाला में शामिल प्रतिभागी शिक्षकों ने भी अपने महत्वपूर्ण इनपुट सांझा किए। प्रो. नीलिमा जैन ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यशाला में इमसॉर के प्राध्यापकों समेत संबंद्ध संस्थानों, बीबीए पाठ्यक्रम के शिक्षकों ने भाग लिया।