रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के गणित विभाग में बुधवार को संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें कुलपति मिलाप पूनियां ने फैकल्टी ऑफ मैथमेटिकल एंड कम्प्यूटेशनल साइंसेज के शिक्षकों और शोधार्थियों से बात की। उन्होंने विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, शोध और नवाचार को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कुलपति ने शिक्षकों से अपने परिचित दायरे से बाहर निकलकर विद्यार्थियों को कौशल, नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए कहा। उन्होंने जोर दिया कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य केवल डिग्री देना नहीं बल्कि रोजगार सृजित करने वाले विद्यार्थी तैयार करना है।
विज्ञापन
कुलपति ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बहुविषयक शोध को भी बढ़ावा देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई छोटा रास्ता नहीं होता। निरंतर मेहनत और अनुशासन ही कुंजी है।
उन्होंने शोधार्थियों से नई तकनीकों को अपनाने और उभरते अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने मात्रात्मक और गुणात्मक दोनों शोध पद्धतियों में दक्षता विकसित करने के लिए कहा। कुलपति ने ऐसे शोध पर जोर दिया जो समाज और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप उपयोगी साबित हो। कार्यक्रम में शैक्षणिक मामलों के डीन एएस मान, फैकल्टी डीन नसीब सिंह गिल और गणित विभागाध्यक्ष सुमित गिल मौजूद थे।