माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने रोहतक में मॉडल स्कूल सोसाइटी के तहत चल रहे स्कूल की आर्थिक बदहाली पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि 'चंपत राय मॉडल' रोहतक के प्रतिष्ठित मॉडल स्कूलों को निगल रहा है। बुधवार को जारी बयान में उन्होंने स्कूल की जर्जर हालत और व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
हुड्डा ने बताया कि 74 साल पुरानी यह विरासत निजी स्वार्थ और आर्थिक कुप्रबंधन का शिकार हो गई है। उन्होंने सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों पर इसका आरोप लगाया। भाजपा से जुड़े लोगों ने मनमानी नियुक्तियां कर स्कूल के धन का गलत दोहन किया। इससे संस्थान कंगाल हो गया है, जिसका खामियाजा शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी और अभिभावक भुगत रहे हैं।
उन्होंने भाजपा और मॉडल स्कूल सोसाइटी के कुप्रबंधन के खिलाफ रोहतकवासियों से एकजुट होकर विरोध करने की अपील की। हुड्डा ने कहा कि वे छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के हक की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ेंगे।
दमन-दीव से भी खराब है सरकारी शिक्षा व्यवस्था
उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (पीजीआई) रिपोर्ट का हवाला दिया। रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा की सरकारी शिक्षा व्यवस्था दमन-दीव से भी खराब हो गई है। हरियाणा का कुल पीजीआई अंक एक साल में 8वें स्थान से गिरकर 14वें स्थान पर आ गया है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार ने 2332 नए स्कूल बनवाए और उन्नत कराए थे। इसके विपरीत, मौजूदा सरकार ने कोई नया स्कूल खोलने के बजाय सैकड़ों सरकारी स्कूलों पर ताला लगा दिया है।