माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। निजी स्कूल की एक शिक्षिका ने अज्ञात युवक पर जासूसी की एफआईआर कराई है। शक पति पर जताया है। आरोप है कि पति के कहने पर ही वीडियो बनाया गया, तस्वीर भी ली गई। विरोध करने पर अपशब्द कहे गए। वहीं, दंपती के बीच बच्चे की कस्टडी को लेकर विवाद भी चल रहा है।
माता-पिता के साथ सिविल लाइन थाने पहुंची शिक्षिका ने अज्ञात युवक के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। शिक्षिका का आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति कई दिन से पीछा कर रहा है। 19 नवंबर को करीब 8:45 बजे सोनीपत रोड स्थित मॉल के पास पहुंची तो सफेद रंग की स्कूटी से युवक को पीछा करते पाया।
उसने चेहरा छुपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था। उसने उनकी अनुमति के बगैर तस्वीरें खींचींं। रोका तो अपशब्द कहते हुए निकल गया। बाद में स्कूल के अंदर जा रही थी तो फिर वही युवक एक्टिवा की फोटो व वीडियो बनाते दिखाई दिया। यह सब दुकान में लगे सीसीटीवी में भी कैद है।
पति पर लिखा चुकीं बेटे के अपहरण की रिपोर्ट
शिक्षिका ने पुलिस को बताया है कि पति से उनका बच्चे की कस्टडी को लेकर विवाद चल रहा है। 9 अक्तूबर को पति ने 13 साल के बेटे का अपहरण किया था। इसकी एफआईआर आईएमटी थाने में दर्ज है। उन्होंने कहा है कि पूरा शक है कि अज्ञात युवक पति के कहने पर ही उनकी फोटो व वीडियो ले रहा था।
आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुकान के सीसीटीवी फुटेज देखेंगे।
- अंकिता, थाना प्रभारी, सिविल लाइन