वैश्य स्कूल ग्राउंड में छह माह बाद सोमवार को प्रैक्टिस करने आए एलएलबी छात्र की दो हमलावरों से ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद दोनों आरोपी पिस्तौल लहराते हुए फरार हो गए। वारदात की सूचना गेटमैन से पुलिस कंट्रोल रूम में दी। सूचना मिलते ही शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस, डीएसपी, सीआईए की तीनों यूनिट मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर जांच करते हुए 11 से ज्यादा गोलियों के खाली खोल व एक कारतूस बरामद किया है। मौके से साक्ष्य जुटाकर शव को पीजीआई भिजवाया गया। जहां उसका पंचनामा भरवाकर शवगृह में रखवा दिया गया है। मृतक के दिल्ली निवासी परिजनों को सूचना दे दी गई। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई में जुट गई है। वारदात करीब शाम छह बजे की है।
पुलिस के अनुसार मृतक अंकुश उर्फ गौरी उर्फ सिद्धार्थ (करीब 23) विजय नगर का रहने वाला था। वह दिल्ली के किसी संस्थान का एलएलबी का छात्र था। उसके मां-पिता दिल्ली स्थित रोहिणी कोर्ट में वकील है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अंकुश सोमवार को करीब छह माह बाद कसरत करने के लिए वैश्य स्कूल ग्राउंड में आया था। वह अपने दो दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर आया था। तीनों दोस्त व्यायाम कर रहे थे। ग्राउंड के जिस छोर पर ये अभ्यास कर रहे थे, वहां कोई और नहीं था। इसी दौरान वहां मास्क लगाए हुए दो युवक आए। जिन्होंने आते ही तीनों दोस्तों में से अंकुश पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। बचाव में अंकुश वहां से भागा भी, लेकिन आरोपियों से पीछा करते हुए उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग जारी रखी। करीब 100 मीटर भागने के बाद वह औंधे मुंह गिर गया और आरोपी उसको गोलियां मारकर मौके से फरार हो गए।
भागने के लिए एक आरोपी ने कूदी ग्राउंड की 10 फुट ऊंची दीवार, एक ग्राउंड के मेन गेट से हुआ फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद एक आरोपी मौके से करीब 300 मीटर दूर भागकर ग्राउंड की दीवार फांदकर फरार हो गया। वहीं, दूसरा आरोपी ग्राउंड के मेन गेट की ओर से भाग निकला। भागने के दौरान दूसरे आरोपी के आगे चौकीदार आया तो आरोपी ने उसे भी पिस्तौल दिखाई और जान से मारने की धमकी देते हुए आगे से हटने के बारे में कहा। इसके बाद वह वहां से भाग निकला।
मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस मृतक के दोस्तों को फिलहाल शक के घेरे में रखकर जांच कर रही है। वहीं यह भी सामने आया कि मृतक के साथ एक कुकी नामक दोस्त भी था। जिसकी हाल ही में अंकुश ने किसी मामले में जमानत भी करवाई थी। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।
- बलवंत सिंह, शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी