रोहतक। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) में अंडर ग्रेजुएट कोर्सेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है।
शुक्रवार को एडमिशन पोर्टल लॉन्च किया गया। साथ ही यूजी कोर्सेज में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए प्रक्रिया भी शुरू हो गई। पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सेज के लिए 2 जून से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के नए प्रॉस्पेक्ट्स का भी विमोचन किया गया।
फैकल्टी ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति डॉ. अमित आर्य ने एडमिशन पोर्टल लॉन्च करते हुए कहा कि दाखिला प्रक्रिया पारदर्शिता और गुणवत्ता के आधार पर संचालित की जाए। विद्यार्थियों और अभिभावकों की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय में हेल्प डेस्क शुरू किया जाए।
इस बार हेल्प डेस्क पर मोबाइल नंबरों के साथ लैंडलाइन नंबर भी उपलब्ध रहेंगे। सभी फैकल्टी सदस्यों और स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। इस अवसर पर रजिस्ट्रार डॉ. गुंजन मलिक मनोचा, डॉ. अजय कौशिक, महेश टीपी, डॉ. शैली खन्ना, विनय कुमार, अजय बाहू जोशी, डॉ. सीमा आदि मौजूद रहीं।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार यूजी कोर्सेज के लिए 15 मई से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्र 26 जून तक रजिस्ट्रेशन फीस के साथ आवेदन कर सकेंगे। 3 जुलाई को एडमिट कार्ड जारी होंगे। 16 से 18 जुलाई तक प्रवेश परीक्षा और स्किल टेस्ट आयोजित किए जाएंगे। 23 जुलाई को अंतिम परिणाम घोषित किया जाएगा। 27 जुलाई से विभिन्न फैकल्टी की काउंसिलिंग शुरू होगी। चयनित छात्र फीस जमा करा सकेंगे। नया शैक्षणिक सत्र 3 अगस्त से शुरू होगा।
वहीं
पीजी कोर्सेज के लिए आवेदन प्रक्रिया 2 जून से शुरू होकर 10 जुलाई तक चलेगी। 17 जुलाई को अंतिम परिणाम घोषित किया जाएगा। 24 जुलाई को पहली काउंसिलिंग आयोजित होगी। पीजी छात्रों का नया शैक्षणिक सत्र भी 3 अगस्त से शुरू किया जाएगा।
0
दो नए पीजी कोर्स होंगे शुरू
इस बार छात्रों के लिए दो नए पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स शुरू करने की घोषणा भी की गई। इनमें मास्टर ऑफ विजुअल आर्ट्स इन प्रिंट मेकिंग और मास्टर ऑफ डिजाइन इन टेक्सटाइल डिजाइन शामिल हैं। कुलपति डॉ. अमित आर्य ने बताया कि इन कोर्सेज में ग्रेजुएशन कर चुके विद्यार्थी दाखिला ले सकेंगे।