रोहतक। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (सुपवा) की शॉर्ट फिल्म जोगई परिवार का चयन रूस में आयोजित होने वाले 21वें विदइन द फैमिली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ फैमिली एंड चिल्ड्रन फिल्म्स-2026 के लिए हुआ है।
फिल्म फेस्टिवल 3 जुलाई से रूस के यारोस्लावल शहर में शुरू होगा। जहां चुनी गईं फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी। सुपवा के छात्रों की तैयार की गई फिल्म के चयन से विश्वविद्यालय और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन हुआ है।
विज्ञापन
सुपवा के रजिस्ट्रार डॉ. गुंजन मलिक मनोचा ने बताया कि जोगई परिवार फिल्म फिल्म और टेलीविजन फैकल्टी के छात्रों ने तैयार की है। इसका निर्देशन 2023 बैच के छात्र अर्पित आनंद सिंह ने किया है। फिल्म में अभिनय भी विश्वविद्यालय के छात्रों जितेंद्र, शिवम, मिताली, अरुण और मनखुश ने किया है। फिल्म की मेंटर दीप्ति खुराना और तकनीकी और प्रोडक्शन टीम में भी सुपवा के छात्रों ने अहम भूमिका निभाई है।
कुलपति डॉ. अमित आर्य ने कहा कि यह फेस्टिवल पारिवारिक और बच्चों की फिल्मों के लिए दुनिया के प्रतिष्ठित आयोजनों में शामिल है। जोगई परिवार समाज और परिवार की वास्तविकताओं को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करती है। फिल्म के कलाकारों ने किरदारों को जीवंत बनाने के लिए विशेष मेहनत की। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म अंतरराष्ट्रीय ज्यूरी और दर्शकों को प्रभावित करते हुए पुरस्कार भी हासिल करेगी। फिल्म का चयन सुपवा के विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता और संस्थान की गुणवत्तापूर्ण फिल्म शिक्षा का प्रमाण माना जा रहा है।