संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। सीआईए धारूहेड़ा ने 6 अगस्त को धारूहेड़ा द्वारकाधीश सिटी के पीछे एक निर्माणाधीन वेयरहाउस के कमरे में महिला बसमीना की हत्या करने के आरोपी राजस्थान के खैरथल तिजारा के गांव सिलारपुर निवासी सुनील उर्फ संदीप को गिरफ्तार किया है। सुनील सहमति संबंध में बसमीना के साथ रहता था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है।
डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रविन्द्र सिंह ने बताया कि महिला के भाई आसबदीन ने बताया कि बसमीना की शादी पहले गांव धूलपुरी, अलवर से हुई थी, लेकिन वर्ष 2023 में सुनील उर्फ संदीप ने उसका अपहरण कर लिया था। इस संबंध में अलवर के थाना विजय मंदिर में आरोपी और उसके परिवार के विरुद्ध अपहरण का मामला भी दर्ज हुआ था। बाद में बसमीना संदीप के साथ रह रही थी।
आरोपी सुनील उर्फ संदीप ने पुलिस को बताया ने कि वह धारूहेड़ा में एक निजी स्कूल की बस चलाता था और धारूहेड़ा द्वारकाधीश सिटी के पीछे एक निर्माणाधीन वेयरहाउस के कमरे में बसमीना के साथ रह रहा था। दोनों की एक आठ माह की बच्ची भी है।
उसे बसमीना का किसी और से प्रेम प्रसंग होने का संदेह था। इसी बात को लेकर 5 अगस्त की रात दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद उसने बसमीना के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया था। बसमीना और सुनील पहले से ही शादीशुदा थे। दोनों परिवार को छोड़कर अलग रह रहे थे। शादी को कानूनी मान्यता नहीं मिली थी।
डीएसपी रविंद्र कुमार ने बताया कि 5 अगस्त की रात सुनील शराब पीकर घर आया था। उसने स्केच पेन से दीवार पर एक नोट लिखा। जिस प्रकार से सुनील ने नोट लिखा उससे लग रहा है कि वह पहले सुसाइड करना चाहता था। बाद में गुस्सा आने पर पत्नी बसमीना उर्फ सपना की हत्या कर दी। इसके बाद बच्ची को रोता छोड़ वह मौके से भाग गया।
सुनील को शक था कि उसकी पत्नी का चौकीदार शक्ति और हरिओम के साथ अफेयर है। कुछ दिन पहले सपना 3 दिन के लिए बिना बताए कहीं चली गई थी, जिससे सुनील का शक और भी गहरा हो गया था। लेकिन हकीकत में ऐसा नहीं था। सुनील इस बात से भी खफा था कि हर बार झगड़ा होने पर शक्ति के समझाने पर उसकी पत्नी मान जाती थी।
हत्या से पहले आरोपी ने दीवार पर लिखा था नोट
स्कूल के जिस कमरे में सुनील ने सपना को मारा था, उस कमरे की दीवार पर स्केच पेन से एक नोट लिखा मिला। पुलिस के अनुसार, इसे हत्या से पहले सुनील ने लिखा था। इसमें लिखा है- 3 दिन से बच्ची को छोड़कर लापता थी, आज आई थी। आज मैं इससे (सपना) बोला कि चल सामान लेने चलते हैं। धारूहेड़ा जाकर इसने अपने पैसे मोबाइल में डलवाए और मेरे से बोली कि आप अपने पैसे का सामान ले लो। मुझे अकेला छोड़ आई, खुद भी रात 10 बजे आज इसने मेरे साथ जाकर नाक की बाली और चुटकी भी बेच डाली। मेरे पास 100 रुपए थे, जो मैंने इसके साथ जाकर किराए के दे दिए। मुझे यह बाजार में खड़ा छोड़ गई। रात 10 बजे धारूहेड़ा से आई थी। मैं इसके प्रेम में अपना घर बार और बीवी सबकुछ छोड़ चुका हूं।
सुनील ने इन लोगों पर लगाए थे आरोप
सुनील ने कहा था कि मेरी जिंदगी को खराब करने वाला एक शक्ति और एक हरिओम है। एक और लड़का है, जिसे मैं नहीं जानता। ये लोग मेरी औरत को बाथरूम में बंद कर चले गए और मुझे शराब पिला दी। मैं घर आया था तो मुझे कुछ नहीं मिला। मुझसे ये लोग बोला कि मैं आप घर आ जाउंगी। मुझे मेरी बच्ची के रोने की आवाज आई, लेकिन मेरी घरवाली ने दरवाजा नहीं खोला। मैंने सोचा इसके साथ कुछ हुआ है। मेरी जिंदगी खराब करने वाला शक्ति ओर हरिओम है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।