फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rohtak News: सुनारिया से तीसरी बार बनेगी महिला पार्षद, पत्नी चुनाव जीती तो खुराना व भटनागर फिर कहलाएंगे पार्षद पति

विज्ञापन
विज्ञापन
विजेंद्र कौशिक
विज्ञापन

रोहतक। नई वार्डबंदी के बाद सोमवार को कई दिग्गज पार्षदों के वार्ड आरक्षित होने से जीत के समीकरण उलझ गए हैं, जबकि कई की राह आसान हो गई है।
अब पूर्व पार्षद सूरजमल किलोई, कृष्ण सहरावत, पप्पन गुलिया व जयभगवान ठेकेदार को नए सिरे से रणनीति बनानी होगी। लगातार तीसरी बार सुनारियां गांव से महिला पार्षद बनेगी, जबकि पूर्व पार्षद नरोतामल भटनागर व अशोक खुराना फिर से पार्षद पति कहलाएंगे।
....
यूं बने व बिगड़े वार्ड अनुसार दिग्गजों के समीकरण
पहले कृष्ण सहरावत का वार्ड बदला, अब खुला मुकाबला
नई वार्डबंदी के तहत वार्ड नंबर 1 में सूर्या नगर, सिंहपुरा रोड, पुरानी आईडीसी, शास्त्री नगर हिसार रोड, जेपी कॉलोनी, सैनिक कॉलोनी, कुताना बस्ती व कुताना बाहरी एरिया को शामिल किया गया हैं। पूर्व पार्षद कृष्ण सहरावत बीसी वर्ग से आते हैं, लेकिन अब वार्ड अनारक्षित हो गया है। ऐसे में सहरावत को नए सिरे से रणनीति बनानी होगी।
विज्ञापन

....
वार्ड नंबर 2 : सुमन सैनी व राजेश सैनी का वार्ड एससी वर्ग के लिए आरक्षित
नई वार्डबंदी के तहत दो नंबर वार्ड में शिव कॉलोनी, मोती नगर, श्याम कॉलोनी, इंद्रा कॉलोनी, संजय नगर, सैनी आनंदपुरा, रूपनगर, बाबा लक्ष्मणपुरी कॉलोनी, नेहरू कॉलोनी, बर्सी नगर व आउटर बर्सीनगर को शामिल किया गया हैं। वार्ड में बीसी समुदाय के भी अच्छे-खासे वोट हैं। पूर्व पार्षद सुमन सैनी व पूर्व पार्षद राजबीर सैनी के बेटे राजेश सैनी को दूसरे वार्ड से चुनाव लड़ना होगा, क्योंकि दो नंबर वार्ड एससी वर्ग के लिए आरक्षित हो गया है।
...
पप्पन गुलिया का वार्ड आरक्षित, दूसरे वार्ड से आजमानी होगी किस्मत
निवर्तमान पार्षद पप्पन गुलिया वार्ड नंबर 4 से पार्षद थे, लेकिन नई वार्डबंदी में उनके वार्ड का भौगोलिक स्वरूप बदल गया है। अब वार्ड में डेयरी मोहल्ला, सैनीवास, गोपाल कॉलोनी, शौरा कोठी, बाबा बालकनाथ कॉलोनी, कबीर कॉलोनी, अनंतपुरम, फौजी कॉलोनी व रैनकपुरा क्षेत्र आता हैं। इतना ही नहीं, वार्ड एससी वर्ग की महिला के लिए आरक्षित हो गया है। अब पप्पन गुलिया को किसी दूसरे वार्ड से चुनाव लड़ना होगा।
....
सुरेश किराड़ नजर आए उत्साहित, महिला वर्ग के लिए नहीं हुआ वार्ड आरक्षित
भाजपा के पूर्व पार्षद सुरेश किराड़ न केवल तदर्थ कमेटी में शामिल थे, बल्कि वार्ड पांच से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। ड्राॅ के दौरान वार्ड एससी वर्ग की महिला के लिए आरक्षित नहीं हुआ, जिससे किराड़ उत्साहित नजर आए। उनके वार्ड में तेज कॉलोनी, पाड़ा मोहल्ला, सलारा मोहल्ला, फतेहपुरी कॉलोनी, खोखराकोट, हनुमान कॉलोनी, राजीव नगर कच्चा चमारिया रोड, सेक्टर 7-1, सेक्टर 7-2 व सेक्टर 37 का क्षेत्र आता हैं।
टाटू जैन, नवीन गर्ग व नरोतामल जीते तो कहलाएंगे पार्षद पति
नई वार्डबंदी के तहत छह नंबर वार्ड में बाबरा मोहल्ला, धोबी मोहल्ला, केवल गंज, प्रताप मोहल्ला, कायस्थान मोहल्ला, प्रधाना मोहल्ला व कसाई वाला चौक आते हैं, जहां से पूर्व पार्षद अजय जैन उर्फ टाटू, नवीन गर्ग व नरोतामल भटनागर का घर इसी वार्ड में हैं। अब वार्ड महिला वर्ग के लिए आरक्षित हो गया है। अगर वे अपनी पत्नी का चुनाव लड़वाते हैं तो जीतने पर पार्षद पति कहलाएंगे।
....
हैप्पी अनेजा, कपिल नागपाल, रॉकी सहगल व संजय सैनी के लिए मैदान तैयार
शहर का वार्ड नंबर 7 सुखपुरा चौक के करीब कृपाल कॉलोनी से लेकर भिवानी स्टैंड स्थित किला रोड बाजार तक फैला हुआ है, जिसमें किला मोहल्ला, गुरुनानकपुरा, भगत सिंह पार्किंग, पाड़ा मोहल्ला, गोहाना अड्डा, संजय नगर का एरिया भी आता है। भाजपा की तरफ से किला रोड के व्यापारी नेता हैप्पी अनेजा, युवा भाजपाई कपिल नागपाल, रॉकी सहगल सहित कांग्रेस से पूर्व पार्षद संजय सैनी तक चुनाव लड़ सकते हैं, क्योंकि उनका आवास इसी वार्ड में है।
..........
बीसी-बी के लिए वार्ड आठ से चुनी जाएगी पहली महिला पार्षद
नई वार्डबंदी में वार्ड आठ को बीसी-बी वर्ग की महिला पार्षद के लिए आरक्षित किया गया है, जिसमें भगवान दास कॉलोनी, छोटूराम चौक, सैनीपुरा, गंगाबिशन नगर, चमनपुरा, न्यू राजेंद्र नगर, चुन्नी नगर, सुखपुरा, प्रेम नगर व दुर्गा कॉलोनी को शामिल किया गया हैं। ड्राॅ के दौरान मौजूद पूर्व पार्षद एडवोकेट मनोज सैनी समीकरण से उत्साहित नजर आए।
...
पूर्व पार्षद जगबीर राठी की राह आसान, वार्ड 9 से लड़ सकते हैं चुनाव
नई वार्डबंदी के तहत वार्ड नौ में विकास नगर, किशनपुरा, लक्ष्मीनगर, कैलाश कॉलोनी, आजादगढ़, उत्तम विहार, ऋषिनगर सूर्य नगर, वसंत विहार, प्रवेश नगर, राजेंद्र नगर, छोटूराम नगर नजदीक सुखपुरा चौक, राजीव गांधी स्टेडियम, सेक्टर 6, विशाल नगर, कबीर कॉलोनी, जसबीर कॉलोनी, पंचवटी, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, हरकी देवी कॉलाेनी, हरकी देवी बाहरी एरिया व सेक्टर-3 का एरिया आता हैं। ड्राॅ के दौरान भी वार्ड अनारक्षित रहा। ऐसे में 2013 में चुनाव हार चुके पार्षद पार्षद जगबीर राठी इस बार चुनाव लड़ सकते हैं।
........
अबकी बार बोहर या गढ़ी बोहर से महिला बनेगी पार्षद
नई वार्डबंदी के तहत वार्ड नंबर 10 में सेक्टर-4, सेक्टर-5, सेक्टर-36, सेक्टर-36ए, सेक्टर 34, सेक्टर-35, बोहर, बोहर आउटर, गढ़ी बोहर, अस्थल बोहर, सेक्टर-29, 30, 31ए, 32, 33, 33ए, 34 व पार्श्वनाथ कॉलोनी को शामिल किया गया हैं। बोहर व गढ़ी बोहर में ज्यादा मतदाता हैं। वार्ड महिला वर्ग के लिए आरक्षित हो गया है। ऐसे में पूर्व पार्षद जयभगवान ठेकेदार अपने वार्ड से महिला को उतार सकते हैं। दूसरा पूर्व पार्षद सरिता देवी फिर से चुनाव लड़ सकती हैं।
....
राजेश बलियाना व राहुल देशवाल फिर आमने-सामने
नई वार्डबंदी में वार्ड नंबर 11 के अंदर बलियाना, खेड़ी साध, बोहर माजरा, सेक्टर 26, 26ए, 27, 27ए, 28, 30ए को शामिल किया गया हैं। नई वार्डबंदी में वार्ड अनारक्षित रखा गया है। ऐसे में पूर्व पार्षद उपासना देवी के पति राजेश बलियाना व पूर्व पार्षद राहुल देशवाल फिर चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि खेड़ी साध व माजरा से भी प्रत्याशी मैदान में आ सकते हैं।
....
कदम सिंह के ड्राॅ ने भी नहीं रोके कदम
नई वार्डबंदी के तहत 12 नंबर वार्ड में सेक्टर एक, सेक्टर दो व सेक्टर 2-3 का पार्ट शामिल किया गया हैं, जहां निवर्तमान पार्षद कदम सिंह अहलावत सक्रिय रहे हैं, साथ ही वे ऑल सेक्टर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन में जुड़े हैं। ड्राॅ के दौरान भी उनका वार्ड अनारक्षित रहा। ऐसे में उनकी राह चुनाव में आसान रह सकती है।
...
आप के जिला अध्यक्ष बिजेंद्र हुड्डा उतर सकते हैं वार्ड 13 से
नई वार्डबंदी के तहत 13 नंबर वार्ड में चाणक्यपुरी कॉलोनी, भरत कॉलोनी, रामगोपाल कॉलोनी, कमल कॉलोनी, तिलक नगर, छोटूराम नगर, ऑफिसर कॉलोनी, तिलक नगर, विनय नगर, ताऊ नगर बाहरी, सेक्टर-14, देव कॉलोनी, निर्मल नगर, एमडीयू, राजीव नगर नजदीक मेडिकल मोड़ का क्षेत्र आता है। इसमें ज्यादा एरिया पुराने वार्ड 12 का हिस्सा रहा है, जहां बिजेंद्र हुड्डा की पत्नी मंजू हुड्डा पार्षद थीं। अबकी बार वार्ड भी अनारक्षित है। ऐसे में बिजेंद्र हुड्डा निगम चुनाव में मैदान में उतर सकते हैं।
..
जीत मिली तो फिर पार्षद पति कहलाएंगे अशोक खुराना
नई वार्डबंदी में वार्ड 14 में पीजीआईएमएस कैंपस, श्रीनगर कॉलोनी, न्यू चिन्योट कॉलोनी, आदर्श नगर, रूप विहार, माडल टाउन, सुभाष नगर, झंग कॉलोनी, मानसरोवर कॉलोनी व चांद नगर को शामिल किया गया हैं। वार्ड सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है। ऐसे में भाजपा नेता अशोक खुराना चुनाव नहीं लड़ सकते। उनको पत्नी कंचन खुराना को फिर चुनाव में उतारना होगा।
....
भाजपा के टिकट को लेकर राधेश्याम ढल बनाम अनिता मिगलानी संभव
निगम के वार्ड नंबर 15 में चिन्योट कॉलोनी, पटेल नगर, गांधी नगर, अर्जुन नगर व जवाहर नगर को शामिल किया गया हैं। भाजपा के पूर्व पार्षद राधेश्याम ढल पिछली बार चुनाव जीते थे। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आ चुकीं अनीता मिगलानी भी इसी एरिया से चुनाव लड़ने की तैयारी में थीं। उम्मीद थी कि वार्ड सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ऐसे में भाजपा से राधेश्याम ढल के साथ-साथ अनीता मिगलानी भी टिकट मांग सकती हैं।
..........
मुक्ता नागपाल या दीपू नागपाल लड़ सकते हैं अब चुनाव
वार्ड नंबर 16 में डीएलएफ कॉलोनी, शक्ति नगर, प्रताप नगर, जगदीश कॉलोनी, नेताजी नगर, रामनगर, गीता कॉलोनी, चावला कॉलोनी, शिवाजी कॉलोनी, टेक नगर व रामनगर को शामिल किया गया हैं, जहां से भाजपा की पूर्व पार्षद मुक्ता नागपाल चुनाव लड़ने की तैयारी में थीं, लेकिन वार्ड महिला वर्ग के लिए आरक्षित नहीं हुआ। ऐसे में मुक्ता के पति दीपू नागपाल को पार्टी निगम चुनाव में उतार सकती है। हालांकि, मनोज मक्कड़ से लेकर सन्नी हंस तक भाजपा का टिकट मांग सकते हैं, जबकि कांग्रेस पूर्व पार्षद सुरेंद्र बतरा को उतार सकती है।
...
कांग्रेस के गुलशन बनाम भाजपा के डिंपल जैन मुकाबला संभव
निगम के वार्ड नंबर 17 में शौरी मार्केट, पीर जी मोहल्ला, सराय मोहल्ला, जैनजति मोहल्ला, घनीपुरा, पुरानी अनाज मंडी, शिवम एन्क्लेव, रामसुख दास कॉलोनी, शक्तिनगर, हरि नगर, संत नगर व हुडा कॉम्प्लेक्स को शामिल किया गया हैं। कांग्रेस के पूर्व पार्षद गुलशन ईशपुनियानी फिर से मैदान में उतर सकते हैं, जबकि भाजपा की पूर्व पार्षद डिंपल जैन फिर से मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। हालांकि, वे चाहती थीं कि वार्ड महिला वर्ग के लिए आरक्षित हो जाए, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
.....
देवेंद्र नारा बदल सकते हैं वार्ड, पूर्व सरपंच प्रवीण से मुकाबला संभव
नई वार्डबंदी के तहत वार्ड 18 में अलंकानंदा कॉलोनी, गीताजंलि, हिंदू कॉलेज, खुशबू गार्डन, शिव नगर, राजेंद्रा कॉलोनी, नई अनाज मंडी, सेक्टर 18, न्यू जनता कॉलोनी, न्यू अग्रसेन कॉलोनी, सेक्टर 21, पुराना शुगर मिल, जनता कॉलोनी, वैश्य संस्था, रामबाग श्मशान, पालिका कॉलोनी, मीट मार्केट, कृष्णा कॉलोनी नजदीक रेलवे लाइन व डेयरी के एरिया को शामिल किया गया हैं। वार्ड से निवर्तमान पार्षद दीपिका नारा या उनके ससुर देवेंद्र नारा चुनाव लड़ने की तैयारी में थे, लेकिन वार्ड बीसी ए वर्ग की महिला पार्षद के लिए आरक्षित हो गया। ऐसे में नारा वार्ड 19 से चुनाव लड़ सकते हैं। इसी वार्ड से पहरावर गांव के पूर्व सरपंच प्रवीण कौशिक भी चुनाव लड़ने की जुगत में हैं।
....
राजोतिया वार्ड 18 से लड़ सकते हैं चुनाव
निगम के वार्ड नंबर 19 में नया पड़ाव, काठमंडी, रामनगर व झज्जर रोड स्थित जनता कॉलोनी का एरिया शामिल किया गया हैं। यह एरिया पूर्व पार्षद जयकिशन राजोतिया का कर्मक्षेत्र रहा है, लेकिन वार्ड बीसी वर्ग के लिए आरक्षित नहीं हुआ। वार्ड नंबर 18 बीसी ए वर्ग की महिला के लिए आरक्षित किया गया है। ऐसे में राजोतिया परिवार से कोई महिला 18 वार्ड से चुनाव लड़ सकती है। ऐसे में नारा व राजोतिया परिवार एक-दूसरे की मदद कर सकते हैं।
....
सूरजमल किलोई की राह हुई मुश्किल, पहले वार्ड टूटा, अब बीसी वर्ग के लिए आरक्षित
कभी भाजपा में शामिल रहे पूर्व पार्षद सूरजमल किलोई की राह और ज्यादा मुश्किल हो गई है। पहले तो उनका वार्ड 20 टूट गया। अब वार्ड बीसी ए वर्ग के लिए आरक्षित हो गया, जबकि वे एससी समुदाय से हैं। ऐसे में इस वार्ड से उनका चुनाव लड़ना संभव नहीं रहा।
....
पूर्व डिप्टी मेयर अनिल कुमार की राह हुई आसान
भाजपा छोड़कर लोकसभा चुनाव में कांग्रेस में आ चुके नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर अनिल कुमार की राह आसान हो गई है। वे वार्ड 20 से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं, जिसमें शुगर मिल कॉलोनी, हरसिंह कॉलोनी, देव विहार, विजय नगर झज्जर रोड, कमला नगर, प्रीत विहार, आजाद नगर व ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सहित आसपास का एरिया शामिल किया गया हैं। ड्राॅ में भी उनका वार्ड अनारक्षित रखा गया है।
...
पहरावर व कन्हेली गांव चुनेंगे बीसी ए वर्ग से पार्षद
नई वार्डबंदी में वार्ड 21 में कन्हेली, पहरावर, अमृत कॉलोनी, न्यू विजय नगर, अजीत कॉलोनी, शीतल नगर, सेक्टर 22, छोटूराम कॉलोनी, आंबेडकर नगर, एकता कॉलोनी, डेयरी कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-24 व 25, 25ए, 25बी, 25सी, 25डी व 25ई को शामिल किया गया हैं। वार्ड बीसी ए वर्ग के लिए आरक्षित हो गया है। ऐसे में दोनों गांव से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे नेताओं की ड्राॅ ने राह रोक दी है।
विज्ञापन

....
तीसरी बार वार्ड 22 महिला वर्ग के लिए आरक्षित
नई वार्डबंदी में वार्ड 22 में गांव सुनारिया कलां, सुनारिया खुर्द, सेक्टर 20, 20ए, 21ए, 21बी, 21सी, 21डी, 21 ई, 22बी, 22सी व 22डी को शामिल किया गया हैं। 80 प्रतिशत मतदाता गांव सुनारियां कलां व खुर्द में हैं। निगम बनने के बाद 2013 व 2019 में सुनारियां कलां से महिला पार्षद बनी थीं। ड्राॅ में अब फिर तीसरी बार वार्ड 22 महिला वर्ग के लिए आरक्षित हो गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें