रोहतक। मुरादपुर टेकना के पास बुधवार को शराब ठेके से 15 हजार रुपये लूटने के मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी सुनारिया निवासी सुमित व लाखनमाजरा निवासी सोमबीर एक महीने में सात वारदात कर चुके थे। आठवीं वारदात की फिराक में घूम रहे थे मगर एवीटी स्टाफ ने उनको गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों का रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिया है। वहीं, पीजीआई में दाखिल सुमित व सोमबीर के पैर व घुटने से गोली निकालने के लिए डॉक्टर ऑपरेशन करने की तैयारी कर रहे हैं।
एवीटी थाना प्रभारी अश्विनी कुमार ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 9 बजे मुरादपुर टेकना के पास शराब ठेके से बाइक सवार दो बदमाशों ने 15 हजार रुपये लूटे लिए थे। एवीटी स्टाफ की टीम ने नौ घंटे बाद दोनों आरोपी सुमित और सोमबीर को गांव आंवल के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था। गोली लगने की वजह से दोनों का पीजीआई में उपचार चल रहा है। डॉक्टर दोनों के पैर से गोली निकालने की तैयारी कर रहे हैं। उपचार के बाद हिरासत में लेकर उनको अदालत में पेश कर रिमांड मांगी जाएगी।