हुडा विभाग में भ्रष्टाचार जड़ों तक समाया हुआ है। विभाग में हुआ पुरानी शुगर मिल मैली घोटाला उजागर होने के बाद जांच कमेटी आज तक एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पाई है। वहीं दूसरी ओर मौके से मैली को उठाया जाना भी शुरू कर दिया है। हालांकि हुडा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मैली विभाग द्वारा नहीं उठाई जा रही है। वहां से मैली या मिट्टी उठाने का कोई भी टेंडर वर्तमान में किसी को नहीं दिया गया है। अब जांच का विषय यह है कि मैली को कौन उठा रहा है।
या फिर जांच की आंच से बचने के लिए मैली को उठाया जा रहा है।
अनाजमंडी के पास पहले शुगर मिल हुआ करती थी। मिल वहां से शिफ्ट होने के बाद उस जगह पर हुडा सेक्टर 21 डेवलप किया जाना था। वह जमीन हुडा विभाग के अंडर आने के बाद वहां से मैली उठाने के लिए टेंडर जारी किया गया था। ठेकेदार ने वहां से मैली को नहीं उठाया। उसने विभाग के अधिकारियों के साथ सांठ-गांठ कर 31 लाख रुपये की पेमेंट भी ले ली। अमर उजाला द्वारा यह मामला उजागर किए जाने के बाद डीसी अतुल कुमार ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए जांच के आदेश दिए थे। डीसी के आदेशों पर हुडा प्रशासक ने एक जांच कमेटी बनाई।
नहीं कराई फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी
हुडा प्रशासक ने घोटाले की जांच के लिए कमेटी तो बना दी, मगर यह कमेटी आज तक एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पाई है। कमेटी ने आज तक न तो मौके के फोटो करवाए हैं तथा न ही आज तक वहां की वीडियोग्राफी कराई है। कमेटी के चेयरमैन से कमेटी की जांच के बारे में पूछा गया तो उनका कहना था कि अभी तक जांच के लिए उन्हें दस्तावेज उपलब्ध नहीं हो पाए हैं। नाम न छापने की शर्त पर कमेटी के ही एक सदस्य ने बताया कि आज तक कमेटी के सभी सदस्य एक साथ भी नहीं बैठे हैं। कमेटी को बने हुए दो सप्ताह से ज्यादा हो गए हैं, मगर मामला अभी तक वहीं की वहीं पर है। इससे पूरे मामले में मिलीभगत की बू आ रही है।
कौन उठा रहा है मैली ?
हुडा अधिकारियों का कहना है कि मैली उठाने के लिए विभाग द्वारा कोई काम नहीं कराया जा रहा है। न ही मैली ऐसी चीज है, जिसे कहीं पर प्रयोग किया जा सके। तो सवाल यह उठता है कि मैली को उठा कौन रहा है। इन सब बातों से साफ होता है कि जांच में दोषी पाए जाने से बचने के लिए मैली को उठाया जा रहा है।
रात को उठाई जाती है मैली
खास बात यह है कि मैली उठाने का काम रात के समय चोरी-चुपके किया जा रहा है। मैली उठाए जाने के बारे में किसी को पता न चले इसलिए दिन के समय मैली नहीं उठाई जा रही है। घोटाले की जांच शुरू होने के बाद वहां से कई सौ ट्रक मैली के उठाए जा चुके हैं।
कमेटी ने मौके के फोटाग्राफ या वीडियोग्राफी अभी तक नहीं कराई है। जल्द ही जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
केके श्योकंद, चेयरमैन, जांच कमेटी
मैली या मिट्टी उठाने का किसी भी प्रकार का काम विभाग द्वारा नहीं कराया जा रहा है। मैली को कौन उठा रहा है, इसकी मुझे जानकारी नहीं है। आज मैं दिल्ली हूं। वापस आने के बाद मौके का मुआयना करूंगा।
राजकुमार, एक्सईएन, हुडा