अपने वैवाहिक और पारिवारिक रिश्तों से परेशान होकर एक युवक ने फेसबुक पर सुसाइड नोट पोस्ट कर मौत को गले लगा लिया।
एमडीयू
के क्लर्क और चिन्योट कॉलोनी निवासी नवीन अरोड़ा की लगभग एक माह पहले ही
शादी हुई थी। नवीन में अपने सुसाइड नोट में घर वालों द्वारा जबरदस्ती थोपे
गए वैवाहिक रिश्तों पर बड़े सवाल उठाए हैं। उसने सुसाइड नोट में लिखा कि
उसकी पत्नी इस शादी से खुश नहीं थी और एक विधवा की जिंदगी जी रही थी, जिससे
वह काफी परेशान था।
पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके
परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने उसकी पत्नी से भी पूछताछ की है, लेकिन अभी
किसी पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज नहीं किया गया है।
शादी के पुराने सिस्टम पर उठाए सवाल
पुलिस
के अनुसार बुधवार रात लगभग साढ़े दस बजे नवीन ने अपने फेसबुक अकाउंट पर
अपने सुसाइड नोट को पोस्ट किया। इसमें उसने लिखा कि उसकी पत्नी किसी से भी
शादी के लिए तैयार नहीं थी। उसकी शादी जबरदस्ती की गई। उसने भी अपने
परिजनों को इस बारे में बता दिया था कि उसकी पत्नी इस शादी से खुश नहीं है।
उसकी अपने परिजनों से भी अनबन हो गई। इसके बावजूद इस शादी को घसीटा गया।
नवीन ने लिखा है कि उसने बार-बार इस रिश्ते को निभाने की कोशिश की, लेकिन
उसकी पत्नी विधवा की तरह जिंदगी जी रही थी। अंत में नवीन ने लिखा है कि अब
उसकी पत्नी असली में ही विधवा हो जाएगी। इसके बाद वीरवार सुबह उसका शव घर
में फंदे से लटका मिला।
काश! कोई पहले पढ़ लेता पोस्ट
बुधवार
रात साढ़े दस बजे नवीन ने फेसबुक पर अपना सुसाइड नोट डाला था। यदि उसी
वक्त उसके फेसबुक फ्रेंड नोट को पढ़ लेते तो शायद उसके घर वालों को सूचित
करके उसकी जान बचाई जा सकती थी। उसकी मौत के बाद वीरवार सुबह फेसबुक पर ही
उसके दोस्तों ने मौत पर शोक जताया।