संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। उपायुक्त सचिन गुप्ता के मार्गदर्शन में मंडल रोजगार कार्यालय की ओर से 20 से 24 जुलाई तक व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह का आयोजन किया गया।
इस दौरान जिले के विभिन्न राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में संगोष्ठियां आयोजित कर विद्यार्थियों को कॅरिअर चयन, कौशल विकास, व्यावसायिक शिक्षा, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई।
मंडल रोजगार अधिकारी सोनम गोयल ने बताया कि कार्यक्रम के तहत बलियाना, खेड़ी साध, खरावड़, गांधरा, अटायल, चुलियाना तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
संगोष्ठियों में आईटीआई, पॉलिटेक्निक पाठ्यक्रमों, सक्षम युवा योजना, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना और एनसीएस पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर रोजगार के बेहतर अवसरों का लाभ लेने का आह्वान किया।