माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में बुधवार को चार वर्षीय स्नातकीय (यूजी) पाठ्यक्रमों में सत्र 2024-25 में प्रवेश के लिए पहली प्रवेश काउंसिलिंग आयोजित की गई। कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने विभिन्न विभागों का दौरा कर प्रवेश प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
सर्वप्रथम कुलपति राधाकृष्णन सभागार में बीसीए प्रवेश काउंसिलिंग प्रक्रिया का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों व अभिभावकों से फीडबैक लिया। इसके बाद कुलपति ने वाणिज्य विभाग में चार वर्षीय बीकॉम, अर्थशास्त्र विभाग में चार वर्षीय बीए (अर्थशास्त्र), अंग्रेजी विभाग में चार वर्षीय बीए (अंग्रेजी) व जेनेटिक्स विभाग में चार वर्षीय बीएससी जेनेटिक्स पाठ्यक्रम में काउंसिलिंग प्रक्रिया की व्यवस्था जांची। कुलपति ने संबंधित विभागाध्यक्षों व विभाग के प्राध्यापकों से काउंसलिंग प्रक्रिया का फीडबैक लिया।
कुलपति ने कहा कि एमडीयू के एनईपी-2020 के प्रावधानों के तहत प्रारंभ किए गए चार वर्षीय स्नातकीय (यूजी) पाठ्यक्रमों को काफी अच्छा रिस्पाॅन्स मिला है। ए प्लस नैक ग्रेडिंग युक्त एमडीयू भारत के शीर्ष 100 विश्वविद्यालयों की सूची में शामिल है।
विश्वविद्यालय के बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर, उत्कृष्ट शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपलब्ध बहुआयामी अवसर के लिए एमडीयू हरियाणा ही नहीं, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में विद्यार्थियों व अभिभावकों के पसंदीदा शैक्षणिक संस्थान के रूप में उभरा है।
कुलपति ने छात्र कल्याण कार्यालय की ओर से संचालित हेल्प डेस्क का भी दौरा किया व फीडबैक लिया। इस दौरान निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, कुलपति कार्यालय कर्मी डॉ. कुलदीप गिल भी उनके साथ रहे।