रोहतक। जिले की सभी आईटीआई में आवेदन प्रक्रिया जारी है। विद्यार्थी 20 जून तक आवेदन कर सकते हैं। जूनियर प्लेसमेंट अधिकारी घनश्याम ने बताया कि मंगलवार को साइट रुक-रुक कर चलने के कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पूरा दिन कभी साइट चली और कभी नहीं, जिसके कारण बहुत कम संख्या में विद्यार्थी आवेदन कर पाए। इसके अलावा सरल पोर्टल न चलने के कारण विद्यार्थी जाति प्रमाणपत्र के अभाव में आवेदन नहीं कर पाए।
सरल पोर्टल पिछले कई दिनों से सुचारु नहीं है। इससे विद्यार्थी परेशान हैं। निदेशक राकेश ने बताया कि मकड़ौली आईटीआई में अबतक 50 आवेदन आ चुके हैं। 30 जून को पहली मेरिट सूची जारी की जाएगी। चार जुलाई को विद्यार्थियों के दस्तावेज की जांच की जाएगी। जिन विद्यार्थियों का पहली सूची में नाम आ जाएगा उनको पांच जुलाई तक फीस जमा करानी होगी।
इसके बाद 7 जुलाई को रिक्त सीटों की जानकारी दी जाएगी। दूसरी मेरिट लिस्ट 10 जुलाई को जारी की जाएगी और दस्तावेज की जांच 12 जून को की जाएगी। जिन विद्यार्थियों को दूसरी मेरिट लिस्ट में नाम आ जाएगा उनको 14 जून तक फीस जमा करानी होगी।
दूसरी मेरिट लिस्ट के बाद रिक्त सीटों की सूचना 16 जुलाई को की जाएगी। तीसरी मेरिट लिस्ट 22 जुलाई को जारी की जाएगी। जिले की कलानौर आईटीआई में अबतक 534 आ चुके हैं। आईटीआई किलोई में अबतक कुल 200 आवेदन आए है। हसनगढ़ आईटीआई में अबतक 228 आवेदन आ चुके हैं।