रोहतक। कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच गई है। पहली मेरिट सूची जारी होने के बाद शनिवार को विद्यार्थी कॉलेजों में फीस जमा कराने पहुंचे। विद्यार्थियों में फीस जमा कराकर अपनी सीट सुरक्षित करने की होड़ लगी रही।
शनिवार को कॉलेजों में खासी चहल पहल रही। मेरिट सूची में नाम दर्ज कराने वाले विद्यार्थी सुबह ही फीस लेकर कॉलेज पहुंचना शुरू हो गए। उच्च शिक्षा विभाग ने इन्हें फीस जमा कराने के लिए नौ जुलाई तक का समय दिया है। इसके चलते फीस जमा कराने व दस्तावेजों की जांच कराने को लेकर काफी हो हल्ला रहा। विद्यार्थियों की इस भीड़ के कारण कॉलजों में अरसे बाद फिर रौनक नजर आई।
इधर, एसएफआई कार्यकर्ताओं ने कॉलेज में आने वाले विद्यार्थियों के प्रवेश में आ रही समस्याओं का समाधान करने में सहयोग दिया। संगठन की ओर से अमित ने बताया कि विद्यार्थियों की मदद के लिए हेल्प डेस्क लगाया गया। यह मदद खड़े रह कर या कैंपस में इधर-उधर घूम कर ही गई। इससे नए विद्यार्थियों को काफी राहत मिली।