रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) में कुलपति आवास में जबरन प्रवेश करने के मामले में प्रशासन ने कड़ा संज्ञान लिया है। सर्टिफिकेट कोर्स इन जर्मन (अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विभाग) के छात्र प्रदीप उर्फ मोटा को दो वर्ष के लिए विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया है।
यह फैसला प्रॉक्टोरियल बोर्ड के समक्ष विस्तृत विचार-विमर्श और उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा के बाद बोर्ड की अनुशंसा पर लिया गया है। इसी मामले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एवं बाहरी व्यक्ति लवकुश दहिया पर एमडीयू में प्रवेश पर पाबंदी लगाई गई है। साथ ही 10 विद्यार्थियों चेतावनी पत्र जारी किया है।
एमडीयू प्रशासन ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड की संस्तुति तथा सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के आधार पर जारी आदेशानुसार तथाकथित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एवं बाहरी व्यक्ति लवकुश दहिया का एमडीयू में प्रवेश पूर्णत प्रतिबंधित कर दिया है।
इसी प्रकरण में शारीरिक शिक्षा विभाग के छात्र धीरज अहलावत और युद्धवीर बड़सरा व रक्षा एवं सामरिक अध्ययन विभाग के छात्र हिमांशु एवं कपिल देव को इस घटना में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी चेतावनी दी है। उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार के अनुचित, अवांछित या अनुशासनहीन आचरण से दूर रहने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
स्वयं और अपने माता-पिता के संयुक्त नाम से अच्छे आचरण का शपथ पत्र प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट से सत्यापित कराकर प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। शपथपत्र जमा कराने तक वे कक्षाओं में उपस्थित होने और परीक्षाओं में बैठने के अधिकारी नहीं होंगे।
यदि वे समय पर शपथपत्र प्रस्तुत नहीं करते हैं या भविष्य में किसी अवांछित, अवैधानिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। इस घटना से संबंधित 6 अन्य छात्रों को अनुशासनहीन आचरण के लिए औपचारिक चेतावनी जारी की गई है।
इन सभी विद्यार्थियों को भविष्य में किसी भी प्रकार के गलत आचरण, अनुशासनहीनता या अवांछित गतिविधि से पूर्णतया दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय भारतीय संस्कृति, नैतिक एवं मानवीय मूल्यों, विधिक प्रावधानों व अकादमिक उत्कृष्टता के अनुरूप एक सुरक्षित, अनुशासित एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। युवाओं को सुधार का अवसर देना विश्वविद्यालय की सकारात्मक सोच का हिस्सा है।
हाईकोर्ट में जाएंगे, विरोध जारी रहेगा : प्रदीप मोटा
प्रदीप ने कहा कि विद्यार्थियों की आवाज नहीं रुकेगी। उन्होंने कहा कि हम हाईकोर्ट जाएंगे। विरोध प्रदर्शन भी जारी रहेगा।