रोहतक। खेलो रोहतक के तहत खेलो इंडिया टूर्नामेंट को जनवरी 2026 के प्रथम सप्ताह में आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी उपायुक्त सचिन गुप्ता ने दी। यह आयोजन खेलो हरियाणा और खेलो इंडिया यूथ गेम्स के सफल प्रारूपों पर आधारित होगा। वे लघु सचिवालय स्थित सभागार में खेल विभाग की गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि खेलो रोहतक टूर्नामेंट युवा प्रतिभाओं को तराशने, व्यापक भागीदारी को बढ़ावा देने और जिले से राष्ट्रीय स्तर तक खिलाड़ियों के लिए मार्ग तैयार करने वाला आयोजन है। इसमें जूनियर एवं ओपन दोनों श्रेणियां शामिल होंगी। इन खेलो में कुश्ती, बॉक्सिंग, कबड्डी, एथलेटिक्स, हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, जिम्नास्टिक्स, जूडो, क्रिकेट व बहु खेल ग्रामीण स्पर्धाएं शामिल हैं।
इनमें सरकारी एवं निजी स्कूल, महाविद्यालय व विश्वविद्यालय, राजीव गांधी खेल परिसर, सर छोटूराम स्टेडियम, निजी स्पोर्ट्स अकादमियां व अन्य भाग लेंगे। इसके लिए कोचों एवं अकादमियों को निर्देश दिए गए हैं कि आगामी 7 दिनों में खेलो रोहतक के लिए योजना तैयार करें। महम, सांपला, लाखनमाजरा व कलानौर के गांवों में प्रचार शिविर आयोजित कर ग्रामीण प्रतिनिधित्व भी बढ़ाया जाएगा।
सचिन गुप्ता ने कहा कि जिले में सर छोटूराम स्टेडियम, 17 राजीव गांधी खेल परिसर स्टेडियम, 25 पंजीकृत अखाड़े, विभिन्न खेलों के विभागीय कोच उपलब्ध है। स्थानीय राजीव गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रैक, बाउंड्री वॉल, विद्युत कार्य व अन्य सुविधाएं के लिए 35 करोड़ रुपये का प्रस्ताव खेल विभाग के मुख्यालय भेजा गया है।
ग्रामीण स्टेडियम के रखरखाव के तहत राजीव गांधी ग्रामीण स्टेडियमों की मरम्मत के लिए खेल विभाग ने 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस बैठक में जिला खेल अधिकारी अनूप सिंह, कबड्डी कोच रणबीर सिंह, बास्केटबॉल कोच विकास, कुश्ती कोच प्रदीप, हॉकी कोच सुनीता राठी, जिम्नास्टिक कोच वीरेंद्र सैनी व अन्य उपस्थित रहे।