51...एमडीयू में पुतला जला रोष प्रकट करते विभिन्न छात्र संगठनों के सदस्य। संवाद
रोहतक। महिला आयोग हरियाणा को एस्टेट ऑफिसर की ओर से भेजी गई रिपोर्ट गुमराह करने वाली है। आयोग को गलत जानकारी देने से आहत छात्र संगठनों ने अधिकारी के खिलाफ एससी एक्ट व महिला कर्मचारियों के न्याय में बाधा बनने पर मुकदमा दर्ज करने व पद से बर्खास्त करने की मांग उठाई है। इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को पुस्तकालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया। एमडीयू के छात्र संगठनों ने शुक्रवार को पुस्तकालय चौक पर एस्टेट ऑफिसर के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला फूंक कर रोष जताया।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी महिलाओं के उत्पीड़न मामले में महिला आयोग को गलत रिपोर्ट भेज कर अधिकारी न्याय में बाधा बना है। पुलिस इस मामले में अधिकारी के खिलाफ एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करें। इस मामले में महिलाओं को बयान दर्ज कराने के लिए पूरा दिन पुलिस स्टेशन में बैठाया जा रहा है। इससे महिला कर्मचारी परेशान हैं। इस मामले में शिकायत को ही बयान मान लेना चाहिए था। विवि की ओर से भी इस प्रकरण में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
इस मौके पर डाॅ. आंबेडकर मिशनरीज विद्यार्थी एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम सिंह डुमोलिया, शहीद भगत सिंह छात्र संगठन के अध्यक्ष प्रदीप मोटा, दिनेश कुमार कांगड़ा, हिमांशु देशवाल, कपिल फौजी, युद्धवीर बडेसरा, अमन अंबोली, दीपक कुमार सावरियां मौजूद रहे।