सुभाष नगर से बुधवार सुबह स्कूल के लिए निकला पंद्रह वर्षीय दसवीं का छात्र दोपहर बाद तक घर नहीं पहुंचा। इससे परिजन परेशान हो गए और तलाश शुरू कर दी। वह करीब साढ़े दस घंटे बाद शाम को रेलवे स्टेशन पर मिला। पुलिस ने छात्र से पूछताछ के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
सुभाष नगर निवासी विनोद भारद्वाज ने बताया कि उनका बेटा दसवीं का छात्र है। वह सुबह पौने आठ बजे बजरंग भवन फाटक स्थित अपने स्कूल के लिए निकला था। इसके बाद वह दोपहर तक घर नहीं पहुंचा तो उन्हें चिंता हुई। जब उन्होंने स्कूल में पता किया तो बेटे के स्कूल नहीं पहुंचने की बात बताई गई। इस पर उन्होंने उसकी हर संभावित स्थानों पर तलाश शुरू कर दी। बाद में माडल टाउन चौकी में बेटे के लापता होने की शिकायत दी। शाम करीब साढ़े छह बजे छात्र के मिलने की सूचना मिली। छात्र ने बताया कि बजरंग भवन फाटक के पास एक युवक ने उसे फोन देकर समय देखकर बताने को कहा। जब वह मोबाइल स्क्रीन पर देख रहा था तभी बेहोश हो गया। इसके बाद वह शाम साढ़े छह बजे खुद को रेलवे स्टेशन पर पाया। उधर, कबीर कॉलोनी निवासी एक महिला अपने एक बेटे व बेटी के साथ लापता हो गई। वह घर से बिना बताए कहीं चली गई है। दो दिन बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग सका है। संवाद