रोहतक। रोहतक संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव अधिकारी अजय कुमार ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) हिमांशु गर्ग के साथ संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। साथ ही सुरक्षा प्रबंधों एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने किलोई, रिठाल व काहनी स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने उपलब्ध कराई गई मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
चुनाव अधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन लोकसभा आम चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कृतसंकल्प है। लोकसभा आम चुनाव के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किये गए है। इससे हर मतदाता निडर होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेगा।
रिटर्निंग अधिकारी अजय कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान की गई है, जहां पर सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध किये जा रहे है। उन्होंने मतदाताओं को आश्वस्त किया कि वे 25 मई को निडर होकर घरों से निकलें, बिना किसी प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान की गई है। इन मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। जिला में पुलिस बल के अलावा अर्धसैनिक बलों की तैनाती की जाएगी, ताकि हर मतदाता भयरहित माहौल में मताधिकार का प्रयोग कर सके। पुलिस चुनाव को लेकर पूरी तरह सतर्क है। नाके लगाकर वाहनों की तलाशी ली जा रही है।