रोहतक। डिजिटल युग के चलते जहां युवाओं में एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ लगी हुई हैं वहीं इससे वे मानसिक तनाव से घिर रहे हैं। पीजीआई की ओपीडी में हर हफ्ते 1800 मानसिक विकार से ग्रस्त मरीज आ रहे हैं। प्रतिदिन की बात की जाए तो 100 नए मरीज आते हैं। इनमें 20 प्रतिशत युवा होते हैं।
बीस साल से मानसिक रोग व तनाव से युवा ज्यादा जूझ रहे हैं। इससे पहले तनाव व चिंता के मामले कम थे। युवाओं में तनाव और चिंता की वजह कई हैं। मोबाइल व इंटरनेट के अधिक इस्तेमाल के कारण युवा डिजिटल डिमेंशिया से भी जूझ रहे हैं।
पीजीआई में प्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान व हिमाचल प्रदेश तक के मानसिक रोगी आ रहे हैं। इन मरीजों में शहर के साथ गांव से आने वाले लोगों की संख्या भी अधिक है। इनका दवाइयों व काउंसिलिंग के माध्यम से इलाज किया जाता है। संवाद
-
मेरा स्वास्थ्य, मेरी प्राथमिकता को अपनाएं युवा
मानसिक स्वास्थ्य संस्थान की चिकित्सक डॉ. प्रीति सिंह ने कहा कि मेरा स्वास्थ्य, मेरी प्राथमिकता की तरफ ध्यान देकर तनाव से बचा जा सकता है। आजकल युवा बेरोजगारी व जॉब के लिए तनावग्रस्त हो रहे हैं। युवाओं को अपने कार्य व स्वास्थ्य पर खुद ध्यान देना चाहिए। अपने आसपास, कार्यालय स्थल पर परिवार जैसा माहौल बनाए रखें। योग को नियमित रूप से दिनचर्या में शामिल करें। हर दिन आधा घंटा चलने का प्रयास करें। शारीरिक गतिविधियों पर भी ध्यान दें। खाने में पोषक तत्वों से युक्त भोजन लें। इंटरनेट पर समय बिताने का समय निर्धारित करें।
दस साल से ओपीडी में मानसिक रोगी बढ़े
डॉक्टर ने बताया कि 20 साल पहले गंभीर हालात वाले मरीज एडमिट होने के लिए आते थे। उस समय चिंता व तनाव को लेकर कम मरीज आते थे लेकिन समय के साथ अब ओपीडी में चिंता, डिप्रेशन के केस ज्यादा आ रहे हैं। ऐसे मरीजों को दाखिल करने की जरूरत नहीं पड़ती है।
सोशल मीडिया के अधिक इस्तेमाल से डिजिटल डिमेंशिया के शिकार हो रहे युवा
युवाओं में मोबाइल व इंटरनेट के ओवरयूज से भी मानसिक समस्याएं जैसे तनाव, चिंता व डिप्रेशन बढ़ रहा है। इसको ही डिजिटल डिमेंशिया कहा जाता है। यह इंटरनेट व इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के ज्यादा इस्तेमाल से होता है। आजकल युवा एल्गोरिदम सर्चिंग करने में ज्यादा समय बिताना पसंद करते हैं। इससे वो परिवार से भी दूर हो रहे हैं। ऐसे में युवाओं को सोशल मीडिया या इंटरनेट ओवरयूज से बचना चाहिए। योग व शारीरिक गतिविधियों के लिए समय निकालना चाहिए। -डॉ. रोशन मस्ताना, साइबर स्पेशलिस्ट, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय।