हिसार रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में रात को चोर एक फैक्टरी का ताला तोड़कर 3 लाख कीमत के नट-बोल्ट चुराकर ले गए। इस संबंध में फैक्टरी मालिक ने सिटी थाने में केस दर्ज कराया है। वहीं पुलिस ने फैक्टरी में चोरी के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, जींद के गांव बड़ोदा निवासी सतीश कुमार ने दी शिकायत में बताया कि उसकी हिसार रोड पर नट-बोल्ट की फैक्टरी है। सात मई की शाम को वह फैक्टरी बंद करके घर चला गया। सोमवार को वापस आया तो फैक्टरी का ताला टूटा मिला। अंदर से लोहे की दो टंकी, 5 ट्रे व 4 बैग गायब मिले, जिनमें 1100 किलो नट-बोल्ट डाले हुए थे। उसे शक है कि कोई गाड़ी में लोड करके माल चुराकर ले गया है। मामले की सूचना पाकर इंदिरा कॉलोनी चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर केस दर्ज किया गया। इंदिरा कॉलोनी चौकी प्रभारी शमशेर सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस ने भिवानी चुंगी निवासी कृष्ण, वीरेंद्र व सुनील को काबू कर लिया। साथ ही उनके कब्जे से तीन लाख रुपये के नट-बोल्ट भी बरामद कर लिए हैं।