पत्रकारों से वार्ता करते चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के प्रो चॉसलर आरएस बाबा व खिलाड़ी। अमर उजाला
रोहतक। खेल जगत में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश को शीर्ष पायदान पर लाने में हरियाणा के युवाओं का बड़ा योगदान है। टॉप इन्नोवेटर्स की सूची में शामिल विद्यार्थियों ने गूगल तक में इंटर्नशिप का मौका हासिल किया है। इसका प्रमाण चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे हरियाणा के खिलाड़ी हैं। यह दावा किया है चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर डॉ. आरएस बाबा का। वे शनिवार को शहर के एक रेस्टोरेंट में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भारतीय खेलों के लिए गौरव बने चंडीगढ़ विवि के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेलो इंडिया गेम्स व ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में नए आयाम स्थापित करते हुए 133 मेडल विवि को दिलाए हैं। विवि अपने विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की उच्च शिक्षा व प्रशिक्षण मुहैया करवा कर औद्योगिक जगत के कुशल पेशेवर के रूप में तैयार कर रही है। विवि के छात्र विभिन्न क्षेत्रों में उच्च उपलब्धियां हासिल कर इसे प्रमाणित कर रहे हैं। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता के आयाम हासिल कर खेल व शोध के क्षेत्र में अलग पहचान बनाने वाले विवि के विभिन्न छात्रों ने अपना भविष्य संवारा है।
प्रेसवार्ता में शामिल रहे पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों ने कहा कि खेल व्यक्ति के जीवन का अभिन्न हिस्सा है। चंडीगढ़ विवि छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए पर्याप्त अवसर प्रदान करने में प्रयासरत है। विवि की छात्रा शीतल व अंजलि ने राष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम रोशन किया है। कैथल की शीतल ने विवि को गौरवांवित करते हुए बॉक्सिंग के 51 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। पुणे में हुई खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2019 में यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधित्व करते हुए ब्रांज मेडल प्राप्त किया। कैथल की वुशू खिलाड़ी अंजलि ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंड़ीगढ़ में हुई ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी 2019 चैंपियनशिप में ब्रांज मेडल हासिल किया। कैथल के अमित कुमार ने वन-वान की डो ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में 52 किलोग्राम भार वर्ग में ब्रांज मेडल अपने नाम किया।
रिसर्च व इन्नोवेशन के क्षेत्र में भी हरियाणा के छात्रों का काबिले तारीफ प्रदर्शन रहा है। यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे हिसार के छात्र अनिकेत यादव वर्तमान में लगभग 500 पेटेंट फाइल कर चुके हैं। अपने शोध में गहराई से शामिल चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के तहत पढ़ रहे अनिकेत 500 पेटेंट व 7 रिसर्च पेपर प्रकाशित कर चुके हैं। विवि में बी.टेक सेकंड ईयर स्टूडेंट व टॉप इन्नोवेटर्स मोहित कुमार ने मशीन लर्निंग व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के आधार पर ऐसा सॉफ्टवेयर विकसित किया है, जो सीट बेल्ट का उपयोग न करने, शराब पीकर गाड़ी चलाले, इंडिकेटर प्रयोग न करने, ट्रैफिक जाम व कोहरे के कारणों से होने वाली दुर्घटनाओं पर लगाम लगाता है।