रोहतक। जाट कॉलेज अखाड़ा हत्याकांड में पुलिस जांच में आए दिन बड़े चौंकाने वाले रहस्यों से पर्दा लगातार उठ रहा है। पुलिस ने आरोपी सुखविंदर की कॉल डिटेल निकलवाई। जिसमें वारदात से पांच दिन पहले से लेकर वारदात करने के बाद सिमकार्ड तोड़कर फेंकने से ठीक पहले तक जिन लोगों से लगातार बातचीत हुई है, उन लोगों को चयनित किया है। ऐसे 15 लोग हैं, जिनसे सुखविंदर ने बार-बार बातचीत की है। शनिवार को इन लोगों को पुलिस ने जांच में शामिल करते हुए पूछताछ की है। पूछताछ के दौरान इन लोगों से मुख्य से रूप से कई अहम सवाल पूछे। जिसमें मुख्य सवाल यह था कि आखिर इन लोगों से सुखविंदर से क्या बात की। इनसे सुखविंदर के कितने पुराने व गहरे संबंध हैं। पुलिस ने इन लोगों से कॉल रिकॉर्डिंग भी मांगी है। पुलिस ने इन लोगों को आगामी दो दिनों तक सभी जानकारी देने की बात कही है।
----------
सुखविंदर फिर बोला- मैंने अकेले ही की हैं हत्याएं, नहीं था कोई साथ
इस तरह सात लोगों को गोलियां मारने की वारदात में एक ही आरोपी होने की बात को हर कोई हजम नहीं कर पा रहा है। मगर दिल्ली पुलिस से लेकर रोहतक पुलिस तक की पूछताछ में आरोपी यह ही कह रहा है कि मैंने अकेले ने ही की हैं हत्याएं, गोलियां मारने में कोई भी शामिल नहीं था। वह अपने इस बयान पर अडिग है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने यह वारदात महिला खिलाड़ी की शिकायत के बाद उसे कोच पद की नौकरी से हटाए जाने के कारण की है।
----
परिजनों को शनिवार को नहीं मिली कोई मामले में कोई नई अपडेट
मृतकों के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को वे जब एसपी की मौजूदगी में एसआईटी से मिले थे तब पुलिस ने उन्हें हर नए पहलु के पता लगने पर तुरंत बताने के बारे में बताने के बारे में कहा था। मगर मामले में शनिवार को पुलिस की ओर से कोई भी अपडेट नहीं मिली। जिस पर परिजनों का कहना है कि पुलिस ने जांच में दो दिन का समय मांगा था। इसलिए अब वे रविवार तक पुलिस कॉल का इंतजार करेंगे और पुलिस जांच में सहयोग करेंगे। सोमवार को आगामी कार्रवाई करेंगे।
----------
गुरुग्राम के निजी अस्पताल में भर्ती अमरजीत को आज मिलेगी छुट्टी:
12 फरवरी को गोली लगने से घायल हुए कोच अमरजीत गुरूग्राम के निजी अस्पताल में भर्ती हैं। जिसकी हालत में काफी सुधार आ गया है। डॉक्टरों के मुताबिक अब अमरजीत को छुट्टी देने वाली स्थिति बन गई है। रविवार दोपहर तक अमरजीत को छुट्टी दे दी जाएगी। वह शाम तक रोहतक स्थित ओमैक्स सिटी स्थित अपने घर आएगा।