रोहतक। 13वें साउथ एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन के साथ पदक तालिका में पहले स्थान पर कब्जा किया हुआ है। रोहतक के खिलाड़ियों का भी पदक तालिका में अहम योगदान है। शुक्रवार को भी रोहतक के दो खिलाड़ियों ने स्वर्ण और कांस्य पदक जीते। वुशू में सुशीला ने पाकिस्तान की खिलाड़ी सुंदास को 2-1 से हराकर स्वर्ण पदक देश की झोली में डाला। कोच रवींद्र बल्हारा ने बताया कि रोहतक के क्राउन स्पोर्ट्स ऐंड फिटनेस क्लब में अभ्यास करने वाली सुशीला ने 65 किलोग्राम भारवर्ग में मुकाबला जीतकर देश का नाम रोशन किया है। वह रविवार को देश लौट रही है, लौटने के बाद उनका स्वागत किया जाएगा। सुशीला मूल रूप से हिसार की रहने वाली है। वहीं ताइक्वांडो में राधा भाटी ने 46 किलोग्राम भारवर्ग कांस्य पदक जीता है। राधा भाटी एमडीयू की छात्रा है। रोहतक के खिलाड़ियों ने सैग में अब तक चार स्वर्ण सहित कुल आठ पदक जीते। वहीं बॉक्सिंग में महिला खिलाड़ी शिक्षा और प्रवीन हुड्डा को बाई मिल गई है। जिनका शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबला होगा। शनिवार को ही 4 गुणा 400 मीटर रेस आयोजित होगी, जिसमें एमडीयू की नैन्सी दौड़ेगी।
दीपक की कप्तानी में कबड्डी टीम ने पाकिस्तान को 49-22 से हराया
भारतीय कबड्डी टीम ने भी दीपक की कप्तानी में अपना दूसरा मुकाबला 49-22 से जीता। कप्तान दीपक हुड्डा ने बताया कि टीम ने डिफेंस और रेडिंग दोनों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। पूल के दो मुकाबले हो चुके हैं, अगले दो मुकाबले बांग्लादेश और नेपाल के साथ खेले जाएंगे।