फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साक्षी नहीं रह सकी कुश्ती से दूर, कल से अखाड़े में उतरेगी

Fri, 02 Sep 2016 02:06 AM IST
अंकित चौहान / अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
वैश्य कॉलेज में ओलंपियन साक्षी को रोल मॉडल फार द स्टूडेंट्स की उपाधि - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
ओलंपिक में देश के लिए पहला मेडल जीतने वाली साक्षी मलिक ज्यादा दिन कुश्ती से दूर नहीं रह सकी। वह शनिवार से स्टेडियम में जाएगी और प्रेक्टिस शुरू करेगी। ओलंपिक मेडल जीतने के बाद पहले दिन स्टेडियम में जाने पर साक्षी का सम्मान समारोह रखा गया है। प्रदेश के खेल मंत्री अनिल विज खुद साक्षी को घर से स्टेडियम तक ले जाएंगे। साक्षी अभी नए दांव आजमाने की जगह उन कमियों को दूर करेगी जो रियो ओलंपिक में उसके स्वर्ण पदक जीतने में बाधा बनी हैं। साक्षी के साथ दो-दो हाथ करने को सभी साथी पहलवान भी बेताब हैं।
विज्ञापन

 ओलंपिक में मेडल जीतकर आने के बाद साक्षी मलिक के सम्मान में लगातार समारोह हो रहे हैं। साक्षी ने भी यहां आने पर कहा था कि वह कुछ समय प्रेक्टिस नहीं करेगी और अभी आराम करने के बाद ही स्टेडियम में जाएगी। लेकिन यह साक्षी का कुश्ती के प्रति जुनून ही कहा जाएगा कि वह ज्यादा दिन तक उससे दूर नहीं रह सकी। इसलिए उसने मेडल जीतने के केवल 15 दिन बाद ही सर छोटूराम स्टेडियम के अखाड़े में जाकर प्रेक्टिस करने की इच्छा जताई है। वह शनिवार को पहली बार स्टेडियम में जाएगी। यहां साक्षी का सबसे पहले सम्मान किया जाएगा और वह उन सभी साथी पहलवानों से मिलेगी, जिनके साथ प्रेक्टिस करके वह रियो तक पहुंची थी। साक्षी मानती है कि जिस किसी के साथ वह प्रेक्टिस में भिड़ती थी, उन सभी का ओलंपिक मेडल में सहयोग है।

कुश्ती ने यहां पहुंचाया, उससे दूर नहीं रह सकी : साक्षी

साक्षी मलिक ने बताया कि वह पहले कुछ आराम करना चाहती थी। लेकिन कुश्ती के बिना उसका मन नहीं लगता है। इस कुश्ती के कारण ही वह यहां तक पहुंची है और उसे इतना सम्मान मिल रहा है। कुश्ती ने ही उसे देश और विदेश में पहचान दिलाई है तो उस कुश्ती से दूर नहीं रहा जा रहा है। बस अखाड़े में उतरकर फिर से अपनी साथी पहलवानों के साथ प्रेक्टिस करने का मन करता है।
विज्ञापन


पहले दूर करेंगे रियो में सामने आईं खामियां

साक्षी के कोच मनदीप कहते हैं कि सबसे पहले साक्षी की उन कमियों को दूर किया जाएगा जो रियो ओलंपिक में सामने आईं हैं। उसके बाद साक्षी को टोक्यो ओलंपिक के लिए कड़ी मेहनत करनी है, क्योंकि अभी उसके पास चार साल का समय है।

साक्षी को खेल मंत्री खुद लेकर जाएंगे स्टेडियम

साक्षी ने शुरुआत से अभी तक सर छोटूराम स्टेडियम में प्रेक्टिस की। साक्षी की उपलब्धि को देखते हुए प्रदेश के खेल मंत्री अनिल विज खुद उसे स्टेडियम लेकर जाएंगे। इसके लिए वह खास तौर पर रोहतक आएंगे और साक्षी के सम्मान समारोह में भी शामिल होंगे।

यहां हुआ स्वागत

वैश्य महिला महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को ओलंपियन साक्षी मलिक का स्वागत किया गया। छात्राओं ने साक्षी को कंधों पर बैठाकर अपनी खुशी का इजहार किया। कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. नीरा शर्मा और स्पार्ट्स प्राध्यापिकाओं सुरजीत नीम्मा, मुन्नी जून और पदमा मित्तल ने साक्षी और उसके परिवार को बधाई दी। इस मौके पर प्राचार्या डॉ. नीरा शर्मा ने कहा कि साक्षी महाविद्यालय की होनहार और मेहनती छात्रा रही है। पढ़ाई के दौरान भी साक्षी ने बहुत मेडल जीते हैं। उन्होंने साक्षी को रोल मॉडल फॉर द स्टूडेंट्स की उपाधि दी। इस दौरान रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें