टैगोर परिसर के बाहर कुश्ती, कबड्डी, हॉकी और एथलेटिक्स के दिग्गज खिलाड़ी मौजूद
- फोटो : amar ujala
एमडीयू में सोमवार का दिन हर दिन से खास था। रिंग से लेकर मैदान के महारथियों को एक साथ देखकर हर कोई हैरान था। टैगोर परिसर के बाहर कुश्ती, कबड्डी, हॉकी और एथलेटिक्स के दिग्गज खिलाड़ी मौजूद थे। इस दौरान हरियाणा की महिला खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बनने तक जीत-हार और समाज के तानों से घिरी संघर्ष की कहानी को बयां किया।
दरअसल एमडीयू में दूरदर्शन की ओर से डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग हुई। इसमें मदीना निवासी पहलवान और अभिनेता संग्राम सिंह, ओलंपिक पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक, भारतीय हॉकी टीम की कप्तान रहीं डीएसपी ममता खरब, एथलेटिक्स पिंकी जाखड़, पहलवान ज्योति और कबड्डी खिलाड़ी कविता देवी मौजूद थे। इस मौके पर पहलवान और अभिनेता संग्राम सिंह ने हरियाणा की बेटियों से खेल से प्रदर्शन से लेकर जिंदगी की चुनौतियों पर बातचीत की। महिला खिलाड़ियों ने जवाब में परिवार और खासकर मां के सहयोग की बात कही। ओलंपिक पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक ने अपनी मां सुदेश को प्रेरणास्रोत बताया। वहीं महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान और गुरुग्राम में वर्तमान में ट्रैफिक एसीपी ममता खरब ने अपनी बड़ी बहन को आदर्श बनाया। खिलाड़ी कविता, ज्योति और पिंकी जाखड़ ने कहा कि समाज की परवाह न करते हुए बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि हमेशा कठिन समय में परिवार वालों ने साथ दिया। समाज और कुछ लोगों ने बेटी होने के नाते विरोध किया। इसके बावजूद मेरे परिवार वालों ने मेरा साथ दिया। वहीं इस मौके पर एमडीयू के खेल निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह ढुल भी मौजूद रहे।
सेट पर ही करवाया मेकअप
संग्राम सिंह ने कहा कि प्राकृतिक सुंदरता से ही व्यक्ति के व्यक्तित्व में निखार आता है। कार्यक्रम शुरू होने से पहले उन्होंने मेकअप कराने से मना कर दिया। लेकिन सेट पर पहुंचते ही कैमरे को देखने के बाद मेकअप आर्टिस्ट देवेंद्र चौहान से मेकअप करवाया।