खेल विभाग की ओर से खिलाड़ियों को सेना में भर्ती होने का अवसर दिया गया है। जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की ओर से 13 जिलों के लड़कों की भर्ती होगी। यह भर्ती सेना की राजपूताना राइफल के रेजिमेंटल सेंटर में स्पोर्ट्स कंपनी के लिए 11 से 16 वर्ष आयु वर्ग के लड़कों की होगी। रोहतक में सर छोटूराम स्टेडियम में 18-19 मार्च को ट्रायल के माध्यम से खिलाड़ी भर्ती में हिस्सा ले सकेंगे।
जिला खेल अधिकारी निर्मला गुलिया ने बताया कि भर्ती में हिसार, सिरसा, भिवानी, रोहतक, फतेहाबाद, जींद, गुरुग्राम, रेवाड़ी, झज्जर, महेंद्रगढ़, फरीदाबाद, पलवल और नूंह के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। भर्ती में एथलेटिक्स, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल खेलों के खिलाड़ियों की भर्ती होगी। इच्छुक खिलाड़ी 18 मार्च को सुबह आठ बजे सर छोटूराम स्टेडियम में पहुंच कर ट्रायल दे सकते हैं।