रोहतक। रूस से येकात्रिनबुर्ग शहर में चली रही वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहे रोहतक के बॉक्सर अमित पंघाल व संजीत को अपने-अपने भारवर्ग में एक-एक मैच की बाई मिली है। अब इन दोनों खिलाड़ियों को वर्ल्ड चैंपियन बनने के लिए पांच-पांच मुकाबले खेलने होंगे। बॉक्सर अमित पंघाल के भाई अजय पंघाल ने बताया कि चैंपियनशिप में 52 किलोग्राम भार वर्ग में अमित अब आगामी 14 सितंबर को मुकाबले खेलेंगे उस मुकाबले में जीतकर वे प्री-क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की करेंगे। वहीं, 91 किलो भारवर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले रोहतक के बॉक्सर संजीत के भाई संजीव ने बताया कि बाई के साथ ही अब संजीत 15 सितंबर को अपना मुकाबला खेलेेंगे। इस मुकाबले में जीत के साथ ही संजीत क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बना लेंगे।
समय की कमी के चलते नहीं ओपनिंग सेरेमनी में नहीं हुआ फ्लैग मार्च
अमित के भाई अजय ने बताया कि वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप शुभारंभ समारोह के दौरान बॉक्सर अमित पंघाल को भारतीय टीम का ध्वजवाहक बनाया गया था, परंतु शुभारंभ समारोह में समय की कमी के चलते सभी टीमों का फ्लैग मार्च रद्द कर दिया गया। शुभारंभ समारोह में केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम ही हुए हैं।
ड्रा में अमित को दी दूसरी रैंकिंग
अमित के भाई अजय ने बताया कि इस चैंपियनशिप में हर भारवर्ग के लिए तैयार किए गए ड्रा में टॉप आठ खिलाड़ियों को उनकी रैंक को अहमियत दी गई है। उन्होंने बताया कि 52 किलो भारवर्ग के ड्रा में अमित को दूसरी रैंक मिली है।