रेवाड़ी। अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे की ओर से जयपुर-रेवाड़ी-जयपुर के बीच दो दिन अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा का संचालन किया जाएगा। इससे जयपुर और रेवाड़ी के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। यह स्पेशल ट्रेन 3 और 4 सितंबर को दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे लगाएगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09703 जयपुर-रेवाड़ी अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा 3 और 4 सितंबर को जयपुर से सुबह 7 बजे रवाना होगी और दोपहर 3:05 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 09704 रेवाड़ी-जयपुर अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा 3 और 4 सितंबर को रेवाड़ी से शाम 4 बजे रवाना होकर रात 11:40 बजे जयपुर पहुंचेगी।
जयपुर से रेवाड़ी आने वाली ट्रेन को ढेहर का बालाजी, नीदड़ बैनाड, चौमू सामोद, गोविंदगढ़ मलिकपुर, रींगस, पलसाना, सीकर, नवलगढ़, झुंझुनू, चिड़ावा, लोहारू और महेंद्रगढ़ स्टेशनों पर ठहराव दिया जाएगा। वापसी में भी निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव की सुविधा रहेगी।
रेलवे के अनुसार, स्पेशल रेलसेवा में कुल 11 डिब्बे होंगे। इनमें नौ साधारण श्रेणी के डिब्बे और दो गार्ड डिब्बे शामिल हैं।