रेवाड़ी। प्रदेशभर में करीब 4000 ग्रामसभाओं के आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर होने वाली इन ग्रामसभाओं में परिवार पहचान पत्र में दर्ज आय संबंधी विवरण का सत्यापन किया जाएगा। इसके साथ ही पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को भी गति दी जाएगी।
परिवार पहचान प्राधिकरण के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने बताया कि प्रदेश के करीब 30 लाख परिवारों से संबंधित आय सत्यापन का आंकड़ा लगभग तैयार कर लिया गया है। ग्रामसभाओं के माध्यम से नागरिकों को अपनी आय संबंधी जानकारी प्रस्तुत करने और आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर उसका सत्यापन कराने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार की वास्तविक आय का सही आकलन करना और उसे सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। सत्यापन के बाद पात्र परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पेंशन, राशन, छात्रवृत्ति, आर्थिक सहायता सहित अन्य योजनाओं का लाभ मिलने में सुविधा होगी।
डॉ. खोला ने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच है कि कोई भी पात्र नागरिक सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से ग्राम स्तर तक व्यापक व्यवस्था तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह पहली बार है जब इतने बड़े स्तर पर संगठित तरीके से आय सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।